सलूंबर। राज्य सरकार के ग्रामीण सेवा शिविर 2026 के तहत सोमवार को सलूंबर ब्लॉक की ग्राम पंचायत धारोद में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान महिलाओं को वन स्टॉप सेंटर योजना एवं महिला हेल्पलाइन 181 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही जिला मुख्यालय पर संचालित वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं से भी उन्हें विशेष रूप से अवगत कराया गया।

शिविर में बताया गया कि किसी भी प्रकार की हिंसा या प्रताड़ना से प्रभावित महिलाओं को वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से निःशुल्क अस्थायी आवास, भोजन, पुलिस सहायता, चिकित्सकीय सुविधा, कानूनी परामर्श तथा मनोसामाजिक परामर्श जैसी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाती हैं।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं को महिला अधिकारों, सुरक्षा, शिक्षा और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही उन्हें राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर वन स्टॉप सेंटर से केंद्र प्रबंधक कविता पुरबिया, काजल भोई, धारोद ग्राम पंचायत की साथिन तथा अन्य विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को उपलब्ध सरकारी सहायता सेवाओं और योजनाओं की जानकारी प्रदान कर उन्हें जागरूक करने का प्रयास किया गया।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story