निर्वाचक नामावलियों में पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन विभाग ने स्पेशल ड्राइव के तहत प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को राजस्थान के मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवीन महाजन की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) आयोजित की गई। इसमें महाविद्यालयों और विद्यालयों में युवा मतदाताओं के पंजीकरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए कमियों को दूर करने और निर्धारित लक्ष्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया।

वीसी में जिला कलक्टर श्री मुहम्मद जुनैद पी.पी., उपखंड अधिकारी जगदीश चंद्र बामनिया एवं तहसीलदार ने सलूंबर जिला कलेक्ट्रेट सभागार स्थित डीओआईटी वीसी कक्ष से भाग लिया। बैठक में निर्वाचक नामावलियों में पंजीकरण की प्रगति, शैक्षणिक संस्थानों में पात्र विद्यार्थियों के नाम जोड़ने और निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति से जुड़े विषयों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवीन महाजन ने कहा कि पात्र युवाओं का मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को महाविद्यालयों में पंजीकरण की स्थिति की समीक्षा करने, आवश्यक प्रपत्र उपलब्ध करवाने और शेष पात्र विद्यार्थियों से आवेदन प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने आगामी पंचायतीराज चुनावों एवं त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए पंजीकरण संबंधी कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा।

उन्होंने निर्वाचन तंत्र से जुड़े अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कोई भी पात्र युवा मतदाता के रूप में पंजीकरण से वंचित नहीं रहे।

18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के पंजीकरण पर विशेष जोर

वीसी में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं का मतदाता सूची में पंजीकरण कराने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) को अपने क्षेत्र के सभी बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा गया। प्रत्येक बीएलओ के माध्यम से इस आयु वर्ग के कम से कम 30 आवेदन फॉर्म जमा करवाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके लिए महाविद्यालयों सहित अन्य शैक्षणिक संस्थानों में पात्र युवाओं को पंजीकरण के लिए प्रेरित करने और आवेदन प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को संस्थानों में पंजीकरण की स्थिति का आकलन कर शेष पात्र विद्यार्थियों तक पहुंचने तथा निर्धारित लक्ष्य पूरा करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर श्री मुहम्मद जुनैद पी.पी. ने वीसी के दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना सुनिश्चित करते हुए पंजीकरण कार्य को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महाविद्यालयों में पंजीकरण से जुड़ी कमियों की पहचान कर उन्हें तत्काल दूर किया जाए और पात्र युवाओं से आवेदन प्राप्त कर निर्धारित लक्ष्य हासिल किया जाए।

जिला कलक्टर ने ईआरओ एवं एईआरओ को बीएलओ के कार्यों की नियमित निगरानी करने, पंजीकरण की प्रगति की समीक्षा करने और इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करते हुए पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करें, ताकि आगामी निर्वाचन प्रक्रिया में अधिकाधिक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें।

संबंधित अधिकारियों को अगली समीक्षा बैठक से पहले पंजीकरण कार्य में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने और निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। जिला कलक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों से निर्वाचन संबंधी दायित्वों का समयबद्ध और जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story