सलूंबर में वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत आज विशेष गतिविधियां
अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश चंद्र पाटीदार ने की आमजन से भागीदारी की अपील, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स करेंगे फील्ड भ्रमण।

राज्य सरकार के “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026” के तहत बुधवार को सलूंबर जिले में स्वच्छता, जल संरक्षण और जनजागरूकता को लेकर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत जिले की स्थानीय गौशालाओं, पशु चिकित्सालयों और दुग्ध संघों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
जिला सलूंबर के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश चंद्र पाटीदार ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जल संरक्षण के साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति व्यापक जनचेतना विकसित करना है। अभियान के दौरान संबंधित संस्थानों में साफ-सफाई, श्रमदान और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने को लेकर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि जिला एवं ब्लॉक स्तर पर धार्मिक संगठनों, व्यापारिक संगठनों, भामाशाहों और गणमान्य नागरिकों को सूचीबद्ध कर जल संरक्षण जन अभियान से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श और संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में जल बचत, वर्षा जल संचयन, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी।
अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए चयनित मीडिया प्रतिनिधियों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स द्वारा विभिन्न गतिविधियों का फील्ड भ्रमण भी किया जाएगा। भ्रमण के दौरान वे अभियान से जुड़ी गतिविधियों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर साझा कर आमजन को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करेंगे।
अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश चंद्र पाटीदार ने जिलेवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील की है। अभियान के माध्यम से प्रशासन जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण सुरक्षा को जनसहभागिता से जोड़कर व्यापक सामाजिक चेतना विकसित करने की दिशा में प्रयासरत है।

Kalpita Bhavsar (Salumber)
कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।
