सलूंबर में यातायात नियमों की अनदेखी कर वाहन चलाने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। बुधवार को इंटरसेप्टर वाहन के जरिए चलाए गए विशेष यातायात जांच अभियान में 118 वाहन चालकों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाने, बिना हेलमेट दुपहिया वाहन दौड़ाने, तीन सवारी बैठाने और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों पर विशेष निगरानी रखी गई। हेलमेट और सीट बेल्ट की अनदेखी करने के साथ गलत दिशा में वाहन चलाने वालों को भी कार्रवाई का सामना करना पड़ा।

यह विशेष अभियान पुलिस अधीक्षक विश्नाराम विश्नोई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन चावला तथा वृत्ताधिकारी राजीव के निर्देशन में संचालित किया गया। यातायात शाखा प्रभारी देवी दयाल सिंह, एएसआई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। अभियान में उदयपुर से इंटरसेप्टर वाहन के साथ आए हेड कांस्टेबल अनिल कुमार और कांस्टेबल प्रवीण कुमार के साथ सलूंबर यातायात शाखा के हेड कांस्टेबल अशोक कुमार और कांस्टेबल महेंद्र सिंह शामिल रहे।

अभियान के दौरान इंटरसेप्टर वाहन की मदद से सड़क पर चल रहे वाहनों की निगरानी की गई और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की गई। पुलिस ने कुल 118 चालान काटकर वाहन चालकों को नियमों की पालना के प्रति गंभीर रहने का संदेश दिया।

पुलिस की कार्रवाई के साथ ही आमजन को जागरूक करने पर भी जोर दिया गया। इंटरसेप्टर वाहन से उद्घोषणा कर वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। इस दौरान समझाया गया कि हेलमेट और सीट बेल्ट केवल चालान से बचने के साधन नहीं हैं, बल्कि सड़क दुर्घटना के समय जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें और निर्धारित गति सीमा का पालन करें। साथ ही गलत दिशा में वाहन चलाने तथा दुपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाने से बचने की हिदायत दी गई। चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से लगाने के लिए जागरूक किया गया।

सलूंबर में चलाए गए इस विशेष यातायात जांच अभियान में चालान की कार्रवाई के साथ नियमों के प्रति जागरूकता पर भी ध्यान दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी के बजाय निर्धारित नियमों का पालन करना जरूरी है।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story