राज्य सरकार की सुशासन एवं जनसेवा की सोच को साकार करने तथा आमजन को सुगम, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित शहरी सेवा शिविर 2026 के तहत जिला प्रभारी सचिव खजान सिंह ने नगर परिषद सलूम्बर में आयोजित शहरी सेवा शिविर 2026 का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए काउंटरों पर पहुंचकर आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने शिविर में पहुंचे लाभार्थियों और आवेदकों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही सुविधाओं और सेवाओं के संबंध में फीडबैक लिया। लाभार्थियों ने बताया कि शिविर के माध्यम से उनके वर्षों से लंबित कार्यों का सरल और त्वरित समाधान संभव हो पाया है, जिससे उन्हें राहत मिली है।

प्रभारी सचिव खजान सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और उन्हें निर्धारित समय में आवश्यक सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

शिविर के दौरान नगर परिषद की ओर से स्टेट ग्रांट एक्ट के 05 पट्टे, 69 के 03 पट्टे, नामांतरण के 07 प्रकरण, निर्माण स्वीकृति का 01 प्रकरण, लीज मुक्ति प्रमाण पत्र 02, जन्म प्रमाण पत्र 22 तथा विवाह प्रमाण पत्र वितरित किए गए। प्रभारी सचिव ने शिविर में दी जा रही सेवाओं की गुणवत्ता का भी आकलन किया और आमजन को प्रभावी एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story