सलूम्बर के रूप गणपति मंदिर में 56 भोग अन्नकूट मनोरथ, चांदी के आभूषणों से सजे भगवान गणपति
मंदिर शिखर पर बदली गई ध्वजा, चांदी की आंगी से भगवान का विशेष शृंगार देख उमड़े भक्त

सलूम्बर के रूप गणपति मंदिर में भगवान गणेश को अर्पित 56 भोग के व्यंजन दिख रहे हैं।
सलूम्बर। शहर के घाटी दरवाजा स्थित राजकीय जनजाति छात्रावास के निकट रूप गणपति मंदिर में बुधवार को भगवान गणपति के लिए 56 भोग अन्नकूट मनोरथ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भगवान गणपति को विधि-विधान के साथ विभिन्न व्यंजनों का भोग धराया गया। आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ रही और पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया।
अन्नकूट मनोरथ के तहत विभिन्न प्रकार के व्यंजन, मिठाइयां, फल और अन्य पकवानों से भगवान गणपति को 56 भोग की सेवा धराई गई। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद भगवान गणपति की विशेष आरती की गई। आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए और भगवान के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की।
इस दौरान भगवान गणपति का विशेष शृंगार भी किया गया। उन्हें चांदी की आंगी से निर्मित आकर्षक आभूषण धराए गए। चांदी के आभूषणों से सजे भगवान गणपति का अलौकिक स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। भक्तों ने भगवान के इस विशेष शृंगार के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
आयोजन के तहत मंदिर शिखर पर लगी ध्वजा भी विधिवत बदली गई। ध्वजा परिवर्तन के साथ मंदिर परिसर में धार्मिक उत्साह और बढ़ गया। श्रद्धालुओं ने भगवान गणपति के समक्ष पूजा-अर्चना कर मंगलकामनाएं कीं। अन्नकूट मनोरथ की सेवा पूर्ण होने के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन में मंदिर से जुड़े श्रद्धालुओं एवं भक्तों ने विभिन्न व्यवस्थाओं में सहयोग किया।

Kalpita Bhavsar (Salumber)
कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।
