सलूम्बर शहर की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान से जुड़े रावण मंगरी दहन स्थल पर पानी की टंकी के निर्माण को लेकर विवाद बढ़ गया है। सोमवार को रावण मंगरी बचाओ संघर्ष समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने निर्माण कार्य का विरोध करते हुए मौके पर पहुंचकर काम रुकवा दिया। समिति के सदस्यों ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया और वहां मौजूद अधिकारियों एवं ठेकेदार से बातचीत कर टंकी निर्माण पर आपत्ति जताई। विरोध के बाद समिति के प्रयासों से निर्माण कार्य में लगी जेसीबी को मौके से हटवाया गया।

समिति का कहना है कि रावण मंगरी केवल खाली जमीन नहीं है, बल्कि सलूम्बर की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यहां वर्षों से दशहरा पर्व पर रावण दहन का आयोजन होता आ रहा है। ऐसे में स्थल की पारंपरिक उपयोगिता, मौजूदा स्वरूप और भविष्य में इसके विकास की संभावनाओं को ध्यान में रखे बिना पानी की टंकी का निर्माण शुरू करना उचित नहीं है।

मौके पर पहुंचे समिति के सदस्यों ने अधिकारियों और ठेकेदार के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज कराते हुए निर्माण कार्य को लेकर तीखी बातचीत की। इसके बाद जेसीबी हटवाकर काम रुकवा दिया गया। समिति ने स्पष्ट किया कि वह रावण मंगरी को कंक्रीट का जंगल नहीं बनने देगी।

इस पूरे मामले की जानकारी विरोधकर्ता भाजपा नेता अनिल राव ने दी। उन्होंने बताया कि समिति बुधवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेगी। रावण दहन स्थल पर पानी की टंकी के निर्माण को लेकर शुरू हुआ विरोध अब प्रशासनिक स्तर तक पहुंचने जा रहा है। बुधवार को कलेक्टर को सौंपे जाने वाले ज्ञापन के बाद इस मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story