सलूंबर में आगामी राज उन्नति बैठक की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनैद ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर विभागवार तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया और सभी विभागों को निर्धारित समय सीमा में सौंपे गए कार्य गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

बैठक के दौरान जिला कलेक्टर ने कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान के तहत दिए गए लक्ष्यों की समीक्षा की। इस अभियान के लिए उन्होंने पीएचईडी को नोडल विभाग की जिम्मेदारी सौंपी और कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि राज उन्नति बैठक की तैयारियों में किसी भी प्रकार की कमी न रहे।

जिला कलेक्टर ने नगर परिषद को दोहरे पट्टों के मामलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने सभी उपखंड अधिकारियों से कहा कि जिन स्थानों से अतिक्रमण हटाया जा चुका है, वहां दोबारा अतिक्रमण नहीं होने दिया जाए और इसकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

बैठक में मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन जन अभियान और संपर्क पोर्टल की भी समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि संपर्क पोर्टल पर 14 दिनों से अधिक समय से लंबित परिवेदनाओं की अधिकारी स्वयं निगरानी करें और उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन की शिकायतों के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके अलावा जिला कलेक्टर ने समाचार पत्रों एवं डिजिटल मीडिया में प्रकाशित होने वाली नकारात्मक खबरों पर संबंधित विभागों को तत्काल तथ्यात्मक कार्रवाई करते हुए समयबद्ध रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में जिले के सभी उपखंड अधिकारी, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी तथा संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे। राज उन्नति बैठक को लेकर जिला प्रशासन ने विभागों के बीच समन्वय, समयबद्ध कार्य निष्पादन और प्रभावी निगरानी पर विशेष जोर दिया।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story