सलूंबर। जिला मुख्यालय पर बुधवार देर शाम पुलिस महकमे में उस समय हलचल बढ़ गई, जब जिला कलक्टर मुहम्मद जुनैद पी.पी. एवं पुलिस अधीक्षक विशनाराम विश्नोई बिना पूर्व सूचना के अचानक पुलिस थाना सलूंबर पहुंच गए। दोनों अधिकारियों ने थाना परिसर का आकस्मिक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं की जमीनी स्थिति परखी। अधिकारियों के अचानक पहुंचने पर पुलिसकर्मी भी मुस्तैद नजर आए।

निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर के साथ कार्यालय, महिला हेल्पडेस्क, साइबर हेल्पडेस्क एवं मैस का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और थाने में उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति देखी। थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था का भी अवलोकन किया गया।

आकस्मिक निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने विभिन्न कार्यालय अभिलेखों एवं रिकॉर्ड की भी जांच की। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि कानून एवं शांति व्यवस्था को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। क्षेत्र में प्रभावी निगरानी रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।

जिला कलक्टर ने कहा कि थाना आमजन की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण केंद्र है। थाने में आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ सम्मानजनक, संवेदनशील एवं सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हो।

महिला हेल्पडेस्क की व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए महिला संबंधी शिकायतों पर त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं साइबर हेल्पडेस्क को लेकर भी अधिकारियों ने सजगता बरतने तथा साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतों पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने थाना परिसर में साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं को भी बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। आकस्मिक निरीक्षण का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के साथ कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना रहा।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story