सलूम्बर: ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत 120.85 किलो अवैध गांजा जब्त, आरोपी फरार
लसाड़िया थाना पुलिस और डीएसटी ने बोर फला अग्गड गांव में दबिश देकर खेत से गांजे के 624 पौधे बरामद किए, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज।

सलूम्बर जिले के लसाड़िया थाना क्षेत्र में ऑपरेशन त्रिनेत्र के दौरान जब्त किए गए अवैध गांजे के पौधों के साथ पुलिस टीम और अधिकारी।
सलूम्बर जिले के लसाडिया थाना अंतर्गत पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार यादव के निर्देशन में ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत 120.85 किलोग्राम अवैध गांजे के पौधे जब्त किए गए हैं। सलूम्बर जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार यादव के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने यह बड़ी सफलता हासिल की है। यह पूरी कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन चावला तथा पुलिस उप अधीक्षक हेरंब जोशी के निकट सुपरविजन में डीएसटी टीम सलूम्बर और लसाड़िया पुलिस थाना के थानाधिकारी भरतसिंह राजपूरोहित मय जाब्ता पुलिस टीम द्वारा अंजाम दी गई।
दुर्गम पहाड़ियों में दबिश और पुलिस टीम का गठन
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में लसाडिया थानाधिकारी भरतसिंह राजपुरोहित, रामसिंह सउनि, इन्दरलाल हैड कांस्टेबल, सुरेन्द्र सिंह कांस्टेबल, कुशाल सिंह कांस्टेबल, दिनेश कुमार आरटी नं. 160 और प्रहलाद सिंह कांस्टेबल शामिल थे। इनके साथ ही सलूम्बर की (डीएसटी) टीम से महेन्द्र सिंह सउनि, जितेन्द्र सिंह हैड कांस्टेबल, भेराराम कांस्टेबल, राकेश कांस्टेबल और पंकज कांस्टेबल द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई की गई। पुलिस टीम गश्त के दौरान थाना क्षेत्र से लगभग 17 किलोमीटर दूर दुर्गम पहाड़ी इलाके में स्थित बोर फला अग्गड गांव पहुंची। वहां रामा पिता रूपा मीणा निवासी बोर फला अग्गड के खेत में अवैध रूप से उगाए गए गांजे के पौधे पाए गए।
भारी मात्रा में बरामदगी और डिजिटल साक्ष्य
पुलिस ने मौके पर गांजे के कुल 624 हरे पौधों को जड़ों सहित उखाड़कर एकत्रित किया और पौधों को प्लास्टिक के सफेद और लाल रंग के 12 कट्टों में भरकर इलेक्ट्रिक कांटे से तौल किया गया, जिसका कुल वजन 120.85 किलोग्राम पाया गया। सभी पौधों को सबूत के तौर पर जब्त कर लिया गया है। कार्रवाई के दौरान थानाधिकारी द्वारा ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से मौके की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई, जिसमें पौधों पर फूल, बीज और कलियां स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपने घर से थोड़ी दूरी पर गड्ढेनुमा खेत में अवैध रूप से गांजे की खेती कर रखी थी।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज और अनुसंधान जारी
इस मामले में आरोपी रामा पिता रूपा मीणा के खिलाफ धारा 8/20 (क) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है, हालांकि घटना के समय आरोपी फरार पाया गया जिसकी तलाश जारी है। वर्तमान में इस पूरे मामले का अनुसंधान निलेश कुमार मीणा, थानाधिकारी पुलिस थाना कूण द्वारा किया जा रहा है। "ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस का अभियान निरंतर जारी रहेगा।"

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
