सलूम्बर। पुलिस महानिरीक्षक उदयपुर रेंज के आदेशानुसार जिला सलूम्बर में वांछित अपराधियों की धरपकड़ हेतु 1 मई से 31 मई तक संचालित विशेष अभियान ‘‘ऑपरेशन सुदर्शन चक्र 2‘‘ के तहत जावर माइंस थाना पुलिस ने बड़ी सफलता अर्जित की है। पुलिस टीम ने विगत 5 वर्षों से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहे एक स्थाई वारंटी को गुजरात से दबोचकर सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है। यह सम्पूर्ण कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विशनाराम बिश्नोई के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन चावला के सुपरविजन तथा वृत्ताधिकारी वृत्त सराडा चांदमल सिंगारिया के निकटतम सुपरविजन में अंजाम दी गई। वांछित अपराधियों, स्थाई वारंटियों और मफरूरों (धारा 299 सीआरपीसी/335 बीएनएसएस) की गिरफ्तारी के लक्ष्य के साथ जावर माइंस थानाधिकारी हिम्मत कुमार के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ-साथ आधुनिक तकनीकी साधनों का सघन उपयोग किया। तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से टीम को आरोपी के गुजरात में छिपे होने की सटीक सूचना प्राप्त हुई, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रशमी सेला, अहमदाबाद (गुजरात) स्थित संभावित ठिकाने पर दबिश देकर आरोपी को डिटेन कर लिया। पकड़ा गया आरोपी 36 वर्षीय अनिल मीणा, पिता कमजी मीणा, निवासी न्यू कॉलोनी खैरवाड़ा है। उल्लेखनीय है कि आरोपी के विरुद्ध जावर माइंस थाने में वर्ष 2022 में प्रकरण संख्या 92/22 और एफआईआर नंबर 35/22 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 498ए (दहेज उत्पीड़न), 406 (अमानत में ख्यानत) और 323 (मारपीट) में मामला दर्ज था। आरोपी पिछले 5 साल से गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरारी काट रहा था, जिसके चलते माननीय न्यायालय द्वारा उसे धारा 299 सी.आर.पी.सी. के तहत मफरूर घोषित किया गया था।

हिरासत में लेने के पश्चात जावर माइंस थाने लाकर की गई कड़ाई से पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। तत्पश्चात पुलिस ने विधि सम्मत चेकलिस्ट जारी कर अनिल मीणा को विधिवत गिरफ्तार किया। अनुसंधान पूर्ण होने के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है। सलूम्बर जिला पुलिस का यह सख्त अभियान अपराधियों के विरुद्ध आगामी समय में भी निरंतर जारी रहेगा।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story