सलूंबर में 20 नवंबर को होगी पंचायतीराज चुनाव की मतगणना, सुबह 8 बजे से आएंगे नतीजे
जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्य पदों की मतगणना को पारदर्शी बनाने के लिए सुरक्षा, सीसीटीवी, प्रवेश पास और पार्किंग व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया।

जिला कलक्टर व अधिकारी कलेक्ट्रेट सभागार सलूंबर में पंचायतीराज चुनाव मतगणना तैयारी बैठक करते दिख रहे हैं।
सलूंबर में पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 की मतगणना को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 20 नवंबर को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए होने वाली मतगणना को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर मुहम्मद जुनैद पी.पी. की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, कार्मिकों की तैनाती, प्रवेश प्रक्रिया और आवश्यक सुविधाओं सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों और प्रकोष्ठ प्रभारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतगणना का कार्य पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न होना चाहिए।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. दिनेश राय सापेला सहित सलूंबर, जयसमंद, सराड़ा, सेमारी, झल्लारा, गींगला एवं लसाड़िया के रिटर्निंग अधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रभारी अधिकारी और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े कार्मिक उपस्थित रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी मुहम्मद जुनैद पी.पी. ने कहा कि मतगणना निर्वाचन प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है। ऐसे में सभी अधिकारी और कार्मिक अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ करें। उन्होंने निर्देश दिए कि मतगणना केंद्रों पर निर्धारित व्यवस्थाओं की पहले ही जांच कर ली जाए, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही या समन्वय की कमी नहीं रहे। मतगणना के प्रत्येक चरण में निर्धारित प्रोटोकॉल और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, कार्मिकों की तैनाती, प्रवेश प्रक्रिया, आवश्यक संसाधनों और आपातकालीन व्यवस्थाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. दिनेश राय सापेला ने मतगणना कक्षों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कक्षों में पर्याप्त साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही मतगणना कक्षों में सीसीटीवी कैमरों की समुचित व्यवस्था करने और उनकी कार्यशीलता की जांच करने को कहा। मतगणना स्थल पर आवश्यक फर्नीचर एवं अन्य संसाधन उपलब्ध कराने तथा पूरे परिसर को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए गए।
मतगणना में नियुक्त कार्मिकों की सुविधा के लिए सुबह 5.30 बजे से शटल बसों का संचालन किया जाएगा। कार्मिकों के वाहनों की पार्किंग के लिए पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सलूंबर के खेल मैदान को निर्धारित किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतगणना स्थल के 200 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार के वाहन का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके लिए निर्धारित पार्किंग और यातायात व्यवस्था की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, मतगणना का कार्य सुबह 8 बजे से शुरू होगा।
प्रवेश व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतगणना कार्य में नियुक्त सभी कार्मिकों के प्रवेश पास समय पर जारी करने तथा बिना अधिकृत पास के किसी भी व्यक्ति को निर्धारित प्रवेश क्षेत्र में प्रवेश नहीं देने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि मतगणना स्थल पर पहुंचने वाले प्रत्येक कार्मिक, राजनीतिक प्रतिनिधि और अधिकृत व्यक्ति की निर्धारित रजिस्टर में अनिवार्य रूप से प्रविष्टि की जाए।
प्रवेश एवं निकास व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के साथ प्रत्येक व्यक्ति की पहचान और प्राधिकरण की जांच सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि मतगणना स्थल पर किसी भी अनधिकृत व्यक्ति का प्रवेश नहीं हो सके। 20 नवंबर को होने वाली मतगणना के लिए सुरक्षा, यातायात, कार्मिकों की सुविधा और प्रवेश नियंत्रण से जुड़ी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

Kalpita Bhavsar (Salumber)
कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।
