पंचायतीराज चुनाव-2026: सलूंबर में संभागीय आयुक्त और जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
संभागीय आयुक्त और जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों का जायजा लेकर स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के निर्देश दिए।

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खेराड़ परिसर में पुलिस बल के साथ प्रशासनिक अधिकारी निरीक्षण करते दिख रहे हैं।
सलूंबर। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के दौरान स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा एवं निर्वाचन व्यवस्थाओं की निगरानी तेज कर दी है। मंगलवार को संभागीय आयुक्त खजान सिंह, जिला निर्वाचन अधिकारी मुहम्मद जुनेद पी.पी. और पुलिस अधीक्षक विशनाराम विश्नोई ने जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा इंतजाम और मतदाताओं की सुविधाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित कार्मिकों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय करावली के बूथ संख्या 34, 35 एवं 36, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खेराड़ के कक्ष संख्या 1, 2 एवं 3, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय अदकालिया के कक्ष संख्या 1 एवं 2 तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बस्सी सामचोत के कक्ष संख्या 1, 2 एवं 3 का जायजा लिया।
अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और निर्वाचन से जुड़े आवश्यक प्रबंधों का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां तैनात मतदान कार्मिकों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली और मतदान सुचारू रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए। साथ ही मतदाताओं की आवाजाही, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा मतदान प्रक्रिया के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।
संभागीय आयुक्त खजान सिंह ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने मतदान कार्मिकों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपने दायित्वों का निर्वहन करने और मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संभागीय आयुक्त खजान सिंह, जिला निर्वाचन अधिकारी मुहम्मद जुनेद पी.पी. एवं पुलिस अधीक्षक विशनाराम विश्नोई ने मतदान केंद्रों पर मौजूद मतदाताओं से भी संवाद किया। अधिकारियों ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक मतदाता की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। प्रत्येक मतदाता निर्भीक, निष्पक्ष एवं जागरूक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करे और लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण लोकतंत्र को सशक्त बनाने में पंचायतीराज संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रत्येक मतदाता को विवेकपूर्ण ढंग से अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में योगदान देना चाहिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी मुहम्मद जुनेद पी.पी. ने कहा कि जिले में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न करवाने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है। निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी आवश्यक प्रबंधों की लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने निर्वाचन कार्य में लगे कार्मिकों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना करते हुए निष्पक्षता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
वहीं, पुलिस अधीक्षक विशनाराम विश्नोई ने मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर पुलिस एवं सुरक्षा कार्मिकों को सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी मतदाता बिना किसी भय, दबाव अथवा प्रलोभन के स्वतंत्र रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं में मतदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में मतदाता लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी निभाते नजर आए। अधिकारियों ने मतदाताओं के उत्साह की सराहना करते हुए उन्हें लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस एवं सुरक्षा बल के जवान भी उपस्थित रहे।

Kalpita Bhavsar (Salumber)
कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।
