सलूंबर। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत सलूंबर पंचायत समिति क्षेत्र में मतदान केंद्रों पर बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन ने स्काउट-गाइड वॉलंटियर्स को प्रशिक्षित किया। मतदान प्रक्रिया को सुचारू बनाने और मतदाताओं की सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को राजकीय हाड़ारानी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सलूंबर में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) मुहम्मद जुनैद पी.पी., रिटर्निंग अधिकारी (एसडीएम) जगदीश चंद्र बामनिया एवं स्वीप प्रभारी रामावतार यादव के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रशिक्षण में पंचायत समिति सलूंबर क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर नियुक्त किए जाने वाले स्काउट-गाइड वॉलंटियर्स को उनके दायित्वों और कार्यों की जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान वॉलंटियर्स को मतदान दिवस पर पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। उन्हें बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं को मतदान केंद्र तक पहुंचने और मतदान करने में आवश्यक सहयोग प्रदान करने के लिए कहा गया, ताकि मतदान के दौरान उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।

राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड, स्थानीय संघ के सचिव श्याम किशोर उपाध्याय ने वॉलंटियर्स को प्रशिक्षण दिया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर जिम्मेदारियों का निर्वहन करते समय बरती जाने वाली सावधानियों, मतदाताओं की सहायता और निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान अनुशासन बनाए रखने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

श्याम किशोर उपाध्याय ने कहा कि स्काउट-गाइड वॉलंटियर्स मतदान केंद्रों पर बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं की सहायता कर मतदान प्रक्रिया को सुचारू बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने सभी वॉलंटियर्स को निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निष्पक्षता और सेवाभाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में हाड़ारानी कॉलेज के प्रशिक्षण प्रभारी डॉ. नरेंद्र सिंह पंवार, व्याख्याता डॉ. देवेंद्र एवं डॉ. प्रशांत उपस्थित रहे। स्काउट-गाइड प्रशिक्षण टीम के प्रभारी हरीश कुमार कलासुआ, हार्दिक द्विवेदी, अरविंद कल्याण एवं हेमलता मेघवाल ने प्रशिक्षण गतिविधियों में सहयोग किया। इस अवसर पर स्वीप प्रकोष्ठ सलूंबर से इंद्रलाल पांचाल एवं राजेंद्र कुमार पंड्या भी मौजूद रहे।

पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत सलूंबर पंचायत समिति क्षेत्र में 3 नवंबर को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान होगा, जबकि 5 नवंबर को सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए मतदान निर्धारित है। निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन आवश्यक तैयारियां कर रहा है। मतदान केंद्रों पर स्काउट-गाइड वॉलंटियर्स की तैनाती के जरिए बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं को मतदान में सहयोग उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story