सलूंबर में अवैध क्लिनिकों के खिलाफ 'ऑपरेशन शटर डाउन' अभियान शुरू
जिला कलक्टर की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक, बिना पंजीकरण और वैध अनुमति के संचालित चिकित्सा गतिविधियों पर होगी कठोर कार्रवाई।

सलूंबर जिला कलेक्टरेट में जिला कलक्टर मुहम्मद जुनेद पी पी की अध्यक्षता में आयोजित 'ऑपरेशन शटर डाउन' अभियान की समीक्षा बैठक में उपस्थित चिकित्सा एवं अन्य विभागों के अधिकारी।
जिले में अवैध झोलाछाप क्लिनिकों और बिना वैध अनुमति संचालित चिकित्सा गतिविधियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए “ऑपरेशन शटर डाउन” अभियान के तहत समीक्षा बैठक आयोजित की। जिला कलक्टर मुहम्मद जुनेद पी पी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में संबंधित सीएमएचओ डॉ महेन्द्र परमार को अवैध रूप से संचालित क्लिनिकों के विरुद्ध प्रभावी और कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलेभर में संचालित संदिग्ध क्लिनिकों, अवैध पैथोलॉजी लैब तथा बिना पंजीकरण चिकित्सा कार्य कर रहे व्यक्तियों के खिलाफ नियमित निरीक्षण अभियान चलाने के निर्देश जारी किए गए। आमजन से प्राप्त शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में संयुक्त टीमों के माध्यम से औचक निरीक्षण किए जाएं। निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों और संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाए। बैठक में यह भी कहा गया कि अवैध चिकित्सा गतिविधियां आमजन के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन रही हैं, इसलिए अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करना आवश्यक है।
प्रशासन ने आमजन से केवल अधिकृत और पंजीकृत चिकित्सकों से ही उपचार लेने की अपील भी की। बैठक में चिकित्सा विभाग एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। “ऑपरेशन शटर डाउन” के तहत शुरू की गई यह कार्रवाई जिले में अवैध चिकित्सा गतिविधियों पर नियंत्रण और स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
