सलूंबर माहेश्वरी महिला संगठन द्वारा धूमधाम से मनाया गया होली मिलन
माहेश्वरी नोहरे में आयोजित समारोह में विशिष्ट परिवारों का सम्मान किया गया और राधा-कृष्ण की मनमोहक प्रस्तुतियों के साथ फूलों एवं गुलाल की होली खेली गई।

सलूंबर के माहेश्वरी नोहरे में आयोजित होली मिलन समारोह के दौरान राधा-कृष्ण की झांकी के समक्ष उत्सव मनातीं महिला संगठन की पदाधिकारी और समाज की महिलाएं।
आज दिनांक 7 मार्च शनिवार को माहेश्वरी नोहरे सलूंबर में माहेश्वरी महिला संगठन का होली मिलन समारोह बड़े उत्साह पूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती कांता जी आगाल ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में गिरिजा जी सोनी एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रेमलता जी आगाल उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का विधिवत आगाज अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इससे पूर्व महिला मंडल की अध्यक्ष शोभा जी बाहेती एवं कार्यकारिणी के सदस्यों द्वारा सभी अतिथियों का तिलक लगाकर तथा ऊपरना ओढ़ा कर भावभीनी स्वागत किया गया।
भामाशाहों और विशिष्ट परिवारों का सम्मान
इस विशेष अवसर पर संगठन द्वारा सम्मान समारोह का आयोजन भी किया गया। इसमें ढूंढो उत्सव, घर में खुशी के मौके जैसे शादी, मायरा तथा बच्चों के उच्च पद पर पदस्थापन होने पर परिवार द्वारा संगठन को सहयोग राशि देने वाले परिवारों को सम्मानित किया गया। सहयोग राशि देने वाले परिवार के मुखिया को माहेश्वरी महिला संगठन सलूंबर द्वारा तिलक लगाकर, ऊपरना ओढ़ा कर एवं गुलाब का फूल देकर सम्मानित किया गया।
राधा-कृष्ण की जोड़ी और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ
कार्यक्रम का सफल संचालन शारदा मंत्री एवं शिप्रा लड्ढा द्वारा किया गया। इस उत्सव का मुख्य आकर्षण राधा-कृष्ण की मनमोहक जोड़ी रही, जिसने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में नृत्य, चुटकुले, कविता, गरबा एवं रास के रंगारंग प्रोग्राम हुए तथा संगठन द्वारा फूलों की होली एवं तिलक होली खेली गई। इस आयोजन में महिला संगठन की सभी महिलाएं उपस्थित रहीं तथा सभी ने बड़े उत्साह से भाग लेकर पूरे कार्यक्रम को होली के रंगों जैसा सतरंगी बना दिया।
आभार प्रदर्शन एवं स्नेह भोज
कार्यक्रम के समापन सत्र में संगठन की सचिव भावना जी ने पधारे हुए अतिथियों तथा समाज की सभी महिलाओं का हृदय से धन्यवाद अर्पित किया। इस भव्य कार्यक्रम का समापन स्नेह भोज के साथ हुआ जिसमें उपस्थित बच्चों एवं महिलाओं ने लजीज भोजन का लुत्फ उठाया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
