सलूम्बर के गांधी चौक स्कूल को भामाशाह की सौगात, 80 टेबल-स्टूल सेट मिलने से विद्यार्थियों को मिली राहत
सलूम्बर के गांधी चौक स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में फर्नीचर की कमी दूर करने के लिए रविंद्र हेरियस प्राइवेट लिमिटेड ने 80 टेबल-स्टूल सेट भेंट किए। शिक्षक पवन कुमार टेलर के प्रयासों से मिली इस सहायता से विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिली।

सलूम्बर के महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय परिसर में नए टेबल-स्टूल सेट के साथ शिक्षक और विद्यार्थी दिख रहे हैं।
सलूम्बर। महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, गांधी चौक में लंबे समय से चली आ रही फर्नीचर की कमी दूर करने के लिए भामाशाह संस्थान ने पहल की है। रविंद्र हेरियस प्राइवेट लिमिटेड, उदयपुर की ओर से विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए 80 टेबल-स्टूल सेट भेंट किए गए। इससे अब विद्यार्थियों को जमीन पर बैठकर पढ़ाई करने की समस्या से राहत मिलेगी।
यह सहयोग प्रेरक शिक्षक पवन कुमार टेलर के प्रयासों से संभव हुआ। विद्यालय में लंबे समय से पर्याप्त फर्नीचर उपलब्ध नहीं था। इसके कारण कई विद्यार्थियों को जमीन पर बैठकर पढ़ाई करनी पड़ती थी। पवन कुमार टेलर ने विद्यालय की इस समस्या को भामाशाह संस्थान तक पहुंचाया, जिसके बाद संस्थान ने विद्यार्थियों के लिए 80 टेबल-स्टूल सेट उपलब्ध करवाए।
नया फर्नीचर विद्यालय पहुंचने पर विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने नई टेबल-स्टूल पर बैठकर पढ़ाई की। शिक्षकों ने बताया कि अब विद्यार्थियों को जमीन पर बैठकर पढ़ाई नहीं करनी पड़ेगी। इससे कक्षाओं में अनुशासन, बैठने की सुविधा और पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ेगी।
इस अवसर पर पीएमश्री राजकीय विद्यालय सलूम्बर के प्रधानाचार्य भगवान त्रिवेदी, स्थानीय विद्यालय के संस्था प्रधान मोहम्मद अकरम, समाजसेवी राकेश पूर्बीया, अध्यापक विपुल मीणा, सुनीता सालवी, हेमलता शर्मा, हर्षित चौबीसा, राजेंद्र सिंह चुण्डावत, अभिषेक पंड्या, सीमा सुथार और समस्त छात्र उपस्थित रहे।
संस्था प्रधान मोहम्मद अकरम ने भामाशाह संस्थान रविंद्र हेरियस के डॉ. प्रवीण यादव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रेरक शिक्षक पवन कुमार टेलर के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि जब समाज और भामाशाह विद्यालय के साथ खड़े होते हैं, तो शिक्षा की गुणवत्ता अपने आप बेहतर होती है।
विद्यालय परिवार ने भामाशाह संस्थान का धन्यवाद करते हुए भविष्य में भी इसी तरह सहयोग की अपेक्षा जताई। 80 टेबल-स्टूल सेट मिलने से विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए बैठने की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध हुई है।

Kalpita Bhavsar (Salumber)
कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।
