सलूम्बर जनजातीय गौरव उत्सव: 279 गांवों में लगेंगे लाभार्थी सैचुरेशन कैंप
जिला कलक्टर मुहम्मद जुनैद के निर्देश पर 18 से 25 मई तक आयोजित होगा महाअभियान, आदि सेवा केन्द्रों पर जनसुनवाई के जरिए मौक़े पर होगा सरकारी योजनाओं का निस्तारण।

सलूम्बर, 17 मई। भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय एवं जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के निर्देशानुसार सलूम्बर जिले में 18 से 25 मई 2026 तक "जनभागीदारी–सबसे दूर, सबसे पहले" की प्रेरणादायी थीम के अंतर्गत भव्य जनजातीय गौरव उत्सव का आयोजन होने जा रहा है। जनजातीय बाहुल्य क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास को गति देने वाले इस ऐतिहासिक महाअभियान के तहत जिले के चयनित 279 गांवों में स्थापित आदि सेवा केन्द्रों पर विशेष लाभार्थी सैचुरेशन कैंप आयोजित किए जाएंगे, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के व्यक्ति तक सीधे पहुंचेगा। जिला प्रशासन ने इस व्यापक अभियान के सफल, सुचारू और प्रभावी संचालन हेतु नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर जिम्मेदारी तय कर दी है।
जिला कलक्टर मुहम्मद जुनैद द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, इस महाअभियान का विधिवत शुभारंभ 18 मई को प्रशासनिक अधिकारियों के सघन प्रशिक्षण एवं ओरिएंटेशन कार्यक्रम के साथ किया जाएगा। इसके पश्चात, 19 से 25 मई तक जिले भर में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन होगा, जिनमें आमजन की स्वास्थ्य जांच की जाएगी और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ वितरित किया जाएगा। अभियान को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने के लिए 20 मई को विशेष ग्राम भ्रमण कार्यक्रम रखा गया है, जिसके तहत अधिकारी घर-घर संपर्क कर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे और सघन जनजागरूकता गतिविधियां संचालित करेंगे।
इस उत्सव के सबसे महत्वपूर्ण चरण में 21 से 23 मई तक सभी आदि सेवा केन्द्रों पर वृहद जनसुनवाई का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान पेंशन, राशन कार्ड, स्वास्थ्य सेवाएं, छात्रवृत्ति, आवास योजना, [आधार Redacted] एवं अन्य पात्रता संबंधी लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर मौक़े पर ही निस्तारित कर जनता को राहत प्रदान की जाएगी। अभियान के अंतिम चरण में 24 मई को पूरे कार्यक्रम की प्रगति रिपोर्ट तैयार कर सफलता की कहानियों का दस्तावेजीकरण किया जाएगा, जबकि 25 मई को उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक एवं मीडिया संवाद के साथ इस गौरव उत्सव का समापन होगा। जिला कलक्टर ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, शिक्षा, कृषि, महिला एवं बाल विकास सहित सभी संबंधित विभागों को समन्वित रूप से सक्रिय भागीदारी निभाते हुए मिशन मोड में प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और समस्त गतिविधियों का नियमित प्रतिवेदन, फोटो व वीडियो निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करने के कड़े निर्देश दिए हैं।

