सलूम्बर में अवैध क्लीनिक पर स्वास्थ्य विभाग का छापा, बंगाली चिकित्सक मिला, क्लीनिक सील के निर्देश
सलूम्बर जिले के लसाड़िया क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग ने अवैध क्लीनिक पर कार्रवाई करते हुए क्लीनिक सील करने और आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।

तस्वीर में सलूंबर के कलीभीत ग्राम पंचायत स्थित मनावत फला में स्वास्थ्य विभाग की टीम अवैध रूप से संचालित क्लीनिक को सील करने की कार्रवाई करती हुई।
सलूम्बर जिला कलेक्टर मोहम्मद जुनैद के निर्देशानुसार जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग ने अवैध रूप से संचालित एक क्लीनिक पर कार्रवाई करते हुए उसे सील करने के निर्देश दिए। कार्रवाई खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सिंटू कुमावत के नेतृत्व में कलीभीत ग्राम पंचायत के मनावत फला में की गई।
निरीक्षण के दौरान क्लीनिक पर बंगाली चिकित्सक के रूप में आरिफ खान मरीजों का उपचार करते हुए पाया गया। जांच में उसके पास चिकित्सा व्यवसाय संचालित करने से संबंधित कोई वैध डिग्री या आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं मिले। वहीं क्लीनिक में रखी दवाइयों के संबंध में भी वह संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं कर सका।
स्थिति को गंभीर मानते हुए डॉ. सिंटू कुमावत ने तत्काल क्लीनिक को सील करने की कार्रवाई करते हुए संबंधित थाना प्रभारी को सूचना दी। साथ ही आरोपी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश भी दिए गए।
डॉ. सिंटू कुमावत ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि यदि कहीं भी कोई व्यक्ति बिना वैध योग्यता के अवैध रूप से क्लीनिक संचालित कर उपचार करता हुआ दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल स्वास्थ्य विभाग को दें, ताकि ऐसे अवैध क्लीनिकों को बंद करवाकर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा सके।

Naresh kumar ved
नाम: नरेश कुमार वेद
वर्तमान पद: संवाददाता (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: उपखण्ड क्षेत्र, लसाड़िया (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के स्थानीय समाचार और क्षेत्रीय मुद्दे
परिचय
नरेश कुमार वेद लसाड़िया उपखण्ड क्षेत्र के स्थानीय संवाददाता हैं। वह अपने कार्यक्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं। इसमें स्थानीय जनसमस्याएं, प्रशासनिक गतिविधियां, सामाजिक घटनाक्रम और ग्रामीण अंचल के समाचार शामिल हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
नरेश कुमार वेद को मीडिया क्षेत्र में दो दशकों का लंबा अनुभव है। वह साल 2006 से 'राजस्थान पत्रिका' में अपनी सेवाएं दे रहे हैं और लगातार क्षेत्र में सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं पास (माध्यमिक शिक्षा) तक पूरी की है।
