सलूंबर जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान तेज, लक्ष्य का 36.13% पूरा
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेन्द्र परमार के अनुसार जिला राजस्थान में 8वें स्थान पर पहुंचा, अब तक 2,837 बालिकाओं को लगा टीका।

सलूंबर जिले में चल रहे एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान के तहत 23 मई 2026 को शाम 5:30 बजे तक जारी रिपोर्ट में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेन्द्र परमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के लिए एचपीवी टीकाकरण का अनुमानित लक्ष्य कुल जनसंख्या का 1 प्रतिशत मानते हुए 7,853 निर्धारित किया गया है।
अभियान के अंतर्गत 23 मई को जिले में 22 लाभार्थियों को टीके लगाए गए। अब तक प्राप्त कुल उपलब्धि के अनुसार जिले में 2,837 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है, जो निर्धारित लक्ष्य का 36.13 प्रतिशत है। इस प्रदर्शन के साथ सलूंबर जिला राजस्थान के विभिन्न जिलों में प्रतिशत कवरेज के आधार पर 8वें स्थान पर पहुंच गया है।
सीएमएचओ डॉ. महेन्द्र परमार ने चिकित्सा विभाग की टीमों के प्रयासों की सराहना करते हुए अभियान को और अधिक गति देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आमजन से भी एचपीवी टीकाकरण के प्रति जागरूक रहने तथा पात्र लाभार्थियों को टीकाकरण कराने की अपील की है।
गौरतलब है कि भारत सरकार द्वारा गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर से बचाव हेतु 14 वर्ष की बालिकाओं को लक्षित करते हुए एक राष्ट्रव्यापी टीकाकरण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है, जिसके तहत यह अभियान देशभर में क्रियान्वित है। अभियान का उद्देश्य महिलाओं में कैंसर के खतरे को कम करना और समय रहते रोकथाम सुनिश्चित करना है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
