सलूंबर, 30 अप्रैल। राजस्थान सरकार द्वारा माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में संचालित ग्राम रथ अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार और किसानों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित संध्या चौपालों ने जनजागरूकता को नई गति दी है।

विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में प्रतिदिन आयोजित हो रही इन संध्या चौपालों में बुधवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला ने सलूंबर विधानसभा के गुडेल में आयोजित कार्यक्रम का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने सरकार की उपलब्धियों पर आधारित लघु फिल्मों के प्रदर्शन के साथ-साथ कलाजत्था के स्थानीय कलाकारों द्वारा क्षेत्रीय भाषा में प्रस्तुत किए जा रहे योजनाओं के रोचक और प्रभावी प्रचार-प्रसार को देखा, जिसने आमजन का ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर ने पेयजल, विद्युत सहित अन्य बुनियादी समस्याओं को लेकर जनसुनवाई भी की। उन्होंने आमजन से प्राप्त परिवेदनाओं को गंभीरता से लेते हुए पीएचईडी अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी नागरिक को परेशानी का सामना न करना पड़े।

जनसुनवाई के दौरान उन्होंने परिवादियों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना और उनके शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। जल जीवन मिशन के तहत कार्य, बिजली, स्वास्थ्य और अन्य विभागों से जुड़े कई प्रकरण सामने आए, जिनकी उन्होंने व्यक्तिगत रूप से सुनवाई करते हुए नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

इस अवसर पर एसडीएम जगदीश चन्द्र बामणिया, एसीईओ दिनेश चंद्र पाटीदार सहित जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे। संध्या चौपालों के माध्यम से ग्राम रथ अभियान न केवल योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचा रहा है, बल्कि प्रशासन और आमजन के बीच संवाद को भी सशक्त बना रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story