सलूंबर जिले के लसाडिया ब्लॉक स्थित महात्मा गाँधी राजकीय विद्यालय में विद्यार्थियों में पठन संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में वॉल हैंगिंग लाइब्रेरी की शुरुआत की गई है। सरकारी विद्यालयों में पढ़ने की आदत विकसित करने के उद्देश्य से शुरू की गई यह पहल प्रेरक शिक्षक पवन कुमार टेलर के प्रयासों तथा बुक फॉर ऑल ट्रस्ट, नोएडा के सहयोग से साकार हुई है।

विद्यालय में स्थापित वॉल हैंगिंग लाइब्रेरी में विद्यार्थियों के लिए हिंदी भाषा की 100 से अधिक चयनित पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें प्रेरक कविताएँ, नैतिक कहानियाँ, बाल साहित्य, रोचक कथाएँ और ज्ञानवर्धक पुस्तकें शामिल हैं। पुस्तकों को विद्यालय की दीवार पर आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जिससे विद्यार्थियों की उन तक सहज पहुँच सुनिश्चित हो सके। इस व्यवस्था से बच्चों में नियमित अध्ययन की आदत विकसित होने, भाषा कौशल में सुधार आने तथा रचनात्मक और तार्किक सोच को प्रोत्साहन मिलने की अपेक्षा की जा रही है।

विद्यालय परिवार के अनुसार यह पहल केवल पुस्तकें उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में पढ़ने की संस्कृति विकसित करने, उनका आत्मविश्वास बढ़ाने और सीखने की प्रक्रिया को अधिक आनंददायक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। विद्यालय का मानना है कि इस लाइब्रेरी के माध्यम से विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास को भी नई दिशा मिलेगी।

गौरतलब है कि सलूंबर जिले के 100 से अधिक विद्यालयों में वॉल हैंगिंग लाइब्रेरी स्थापित करने का अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत इससे पहले राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय रेलवाड़ा (लसाडिया), राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय डुमातालाब (लसाडिया), राजकीय प्राथमिक विद्यालय भोपाफला (सेमारी) तथा राजकीय प्राथमिक विद्यालय आमलिया फला (सेमारी) में भी ऐसी लाइब्रेरी स्थापित की जा चुकी है। संसाधन-विहीन विद्यालयों तक गुणवत्तापूर्ण पठन सामग्री उपलब्ध कराने की इस पहल को समावेशी एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।

वॉल हैंगिंग लाइब्रेरी के शुभारंभ अवसर पर संस्थाप्रधान बनवारी लाल बैरवा, शिक्षक राकेश कुमार, मोहित कुमार, प्रहलाद कुमार, विद्यालय का समस्त स्टाफ तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने इस नवाचार की सराहना करते हुए इसे बच्चों में पठन-पाठन की रुचि विकसित करने और शिक्षा की गुणवत्ता को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।

Naresh kumar ved

Naresh kumar ved

नाम: नरेश कुमार वेद

वर्तमान पद: संवाददाता (प्रातःकाल)

कार्यक्षेत्र: उपखण्ड क्षेत्र, लसाड़िया (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के स्थानीय समाचार और क्षेत्रीय मुद्दे

परिचय

नरेश कुमार वेद लसाड़िया उपखण्ड क्षेत्र के स्थानीय संवाददाता हैं। वह अपने कार्यक्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं। इसमें स्थानीय जनसमस्याएं, प्रशासनिक गतिविधियां, सामाजिक घटनाक्रम और ग्रामीण अंचल के समाचार शामिल हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

नरेश कुमार वेद को मीडिया क्षेत्र में दो दशकों का लंबा अनुभव है। वह साल 2006 से 'राजस्थान पत्रिका' में अपनी सेवाएं दे रहे हैं और लगातार क्षेत्र में सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी शिक्षा 12वीं पास (माध्यमिक शिक्षा) तक पूरी की है।

Next Story