सलूंबर: अघोषित बिजली कटौती से आक्रोश, महिलाओं ने एडीएम को सौंपा ज्ञापन
भीषण गर्मी और बार-बार ट्रिपिंग से परेशान घाटी दरवाजा क्षेत्र की महिलाओं ने जिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन कर व्यवस्था सुधारने की मांग की।

सलूंबर के अतिरिक्त जिला कलेक्टर कार्यालय में अघोषित बिजली कटौती के विरोध में ज्ञापन सौंपते जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता और स्थानीय महिलाएं।
सलूंबर। भीषण गर्मी के बीच सलूंबर शहर में अघोषित बिजली कटौती ने जनजीवन को बुरी तरह झकझोर कर रख दिया है। पिछले पांच से सात दिनों से शहर के घाटी दरवाजा मोहल्ले सहित विभिन्न क्षेत्रों में जारी बार-बार की ट्रिपिंग और घंटों की कटौती से आक्रोशित महिलाओं ने जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं के साथ अतिरिक्त जिला कलेक्टर (एडीएम) कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपकर व्यवस्था सुधारने की पुरजोर मांग की। महिलाओं ने विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि कल पूरी रात पूरी बस्ती अंधेरे के आगोश में डूबी रही, जिससे तेज गर्मी और उमस के कारण बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं रात भर जागने को विवश हो गए। आक्रोश इस बात पर भी था कि बार-बार संपर्क करने के बावजूद कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा और विभाग की ओर से केवल सुबह बिजली चालू होने का रटा-रटाया जवाब देकर पल्ला झाड़ लिया गया।
ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन को अवगत कराया गया कि इस भीषण तपिश में केवल इंसान ही नहीं, बल्कि मूक पशु-पक्षी भी बेहाल हो रहे हैं। बिजली के अभाव में ट्यूबवेल ठप्प पड़ गए हैं, जिससे पेयजल संकट गहरा गया है और कई मोहल्लों में जलापूर्ति पूरी तरह बाधित हो चुकी है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि विभाग समय पर रखरखाव का कार्य नहीं कर रहा है, जिसके परिणामस्वरूप आए दिन लाइन ट्रिपिंग की समस्या पैदा हो रही है। कार्यकर्ताओं ने भेदभावपूर्ण रवैये का आरोप लगाते हुए कहा कि जहां प्रशासनिक अधिकारियों और सरकारी कार्यालयों वाले वीआईपी इलाकों में निर्बाध बिजली दी जा रही है, वहीं आम जनता के रिहायशी क्षेत्रों में घंटों कटौती की जा रही है। कस्बे के लिए नियुक्त 12 सदस्यीय एफआरटी टीम पर भी लापरवाही के आरोप लगे हैं कि टीम के होने के बावजूद फाल्ट सुधारने में कोई तत्परता नहीं दिखाई जा रही है। स्थानीय निवासियों ने इस अव्यवस्था के लिए कर्मचारियों की कमी और अधिकारियों की उदासीनता को मुख्य कारण बताया है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक नहीं लगी और फाल्ट सुधार व्यवस्था को मजबूत कर लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो आगामी दिनों में उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
