जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनैद ने बुधवार को वीर बाला काली बाई राजकीय टीएडी (बालिका) आश्रम छात्रावास, सलूम्बर में 25 बेड क्षमता वृद्धि के लिए निर्माणाधीन डॉरमेट्री भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का गहन अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने निर्माण कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि छात्राओं के लिए विकसित की जा रही आवासीय सुविधाओं में किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए तथा निर्माण कार्य में गुणवत्ता, पारदर्शिता और सुरक्षा मानकों का विशेष रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए।

जिला कलेक्टर ने निर्माणाधीन भवन में उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं को सुरक्षित और बेहतर आवासीय वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान राजस्थान राज्य कृषि विपणन बोर्ड (आरएसएएमबी) के सहायक अभियंता अजय बिश्नोई और कनिष्ठ अभियंता सीताराम जाट भी उपस्थित रहे। उन्होंने जिला कलेक्टर को निर्माण कार्य की वर्तमान प्रगति, अब तक पूर्ण किए जा चुके कार्यों तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी दी।

उल्लेखनीय है कि डॉरमेट्री भवन का निर्माण पूरा होने के बाद छात्रावास की आवासीय क्षमता में 25 बेड की वृद्धि होगी। इससे क्षेत्र की बालिका छात्राओं को बेहतर और सुरक्षित आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा शिक्षा के लिए अनुकूल वातावरण को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकेगा।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story