सलूम्बर, 20 फरवरी। राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद एवं जिला प्रशासन सलूम्बर के निर्देशानुसार विश्व सामाजिक न्याय दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सलूम्बर के खेल मैदान में दिव्यांग गतिविधि महोत्सव का आयोजन किया गया। यह आयोजन जिला खेलकूद प्रशिक्षण केन्द्र और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के तत्वाधान में संपन्न हुआ।


जिला कलक्टर का उद्बोधन और विजन

इस दौरान कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलक्टर अवधेश मीना ने कहा कि:

"यह महोत्सव केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समावेशी समाज की उस सोच का उत्सव है जिसमें हर व्यक्ति की क्षमता, प्रतिभा और आत्मसम्मान को सर्वोच्च महत्व दिया जाता है।"

उन्होंने आगे कहा कि:

"हमारे विशेष योग्यजन साथियों ने सदैव यह सिद्ध किया है कि यदि दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और अवसर मिल जाएँ, तो कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती। जीवन के हर क्षेत्र—शिक्षा, खेल, कला, तकनीक और सामाजिक नेतृत्व—में उन्होंने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से समाज को नई दिशा और प्रेरणा प्रदान की है।"

जिला प्रशासन की प्राथमिकता रही है कि विशेष योग्यजन सशक्त, आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन जी सकें। इसी उद्देश्य से शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, सहायक उपकरण वितरण तथा सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि “सुगम्य वातावरण” और “समान अवसर” की अवधारणा धरातल पर पूर्ण रूप से साकार हो।

कलक्टर मीना ने जोर देते हुए कहा कि:

"आज इस महोत्सव के माध्यम से प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक संदेश भी जा रहा है कि विशेष योग्यजन कोई कमी नहीं, बल्कि एक विशेष क्षमता है, जिसे पहचानने और प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है।"

उन्होंने सभी प्रतिभागियों का विशेष रूप से अभिनंदन किया एवं सभी से आव्हान किया कि:

"आइए, हम सभी मिलकर संकल्प लें कि हम ऐसा समाज बनाएँगे जहाँ किसी भी व्यक्ति को उसकी शारीरिक स्थिति के कारण पीछे न रहना पड़े, बल्कि हर नागरिक समान अधिकार, सम्मान और अवसर के साथ आगे बढ़ सके।"


प्रतिस्पर्धात्मक खेल एवं उत्साहपूर्वक सहभागिता

जिला खेल अधिकारी अशोक चौधरी ने बताया कि दिव्यांगजन की विभिन्न श्रेणियों के अनुसार प्रतिस्पर्धात्मक एवं मनोरंजक खेलो का आयोजन किया गया। इस आयोजन में 100 पुरुष/महिला विशेष योग्यजनो ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

  • प्रमुख गतिविधियाँ: विशेष योग्यजन की स्लो ट्राई स्कूटर रेस, कैरम, शतरंज, टारगेट थ्रो, बॉल थ्रो और श्रेणीवार दौड़।
  • सहयोग: इस आयोजन में नवजीवन गरीबोउतथान सेवा संस्था एवं माँगीलाल बुनकर का पूर्ण सहयोग रहा।

समापन एवं उपस्थिति

कार्यक्रम का समापन प्रमाण पत्र वितरण के साथ किया गया। इस दौरान कार्यक्रम में निम्नलिखित गणमान्य उपस्थित रहे:

  • विजेश भलवाड़ा
  • जयेश चौबीसा
  • मनीष जैन एवं अन्य।
Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story