सलूंबर जिला परिषद चुनाव: 21 वार्डों के लिए नामांकन शुरू, 20 नवंबर को होगी मतगणना
प्रत्याशियों के लिए कलेक्ट्रेट में हेल्प डेस्क स्थापित, सात पंचायत समितियों में दो चरणों में 3 और 14 नवंबर को डाले जाएंगे वोट

सलूंबर में जिला परिषद चुनाव के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित हेल्प डेस्क।
सलूंबर। नवगठित सलूंबर जिले में जिला परिषद के पहले चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। जिला परिषद के 21 वार्डों में चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों की सक्रियता के बीच जिला प्रशासन ने भी नामांकन प्रक्रिया की तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रत्याशियों की सुविधा के लिए जिला कलेक्टर कार्यालय में हेल्प डेस्क स्थापित की गई है, जहां नामांकन फॉर्म उपलब्ध कराने के साथ आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी जा रही है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. के अनुसार, नामांकन प्रक्रिया को व्यवस्थित और सुचारू बनाने के लिए अलग-अलग काउंटर स्थापित किए गए हैं। प्रशासन का प्रयास है कि नामांकन के दौरान अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो और प्रत्याशियों को जरूरी जानकारी के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़े। जिला परिषद के पहले चुनाव को लेकर आने वाले दिनों में राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।
नामांकन के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने प्रवेश संबंधी नियम भी तय किए हैं। प्रत्याशी के साथ अधिकतम पांच समर्थकों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। ऐसे में उम्मीदवारों को अपने पूरे समर्थक दल के बजाय चुनिंदा साथियों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचना होगा। नामांकन के दौरान भीड़ नियंत्रित रखने और सरकारी कार्यालयों के सामान्य कामकाज को प्रभावित होने से बचाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
वाहनों की पार्किंग को लेकर भी प्रशासन ने स्पष्ट व्यवस्था की है। नामांकन के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचने वाले प्रत्याशियों, समर्थकों और अन्य आगंतुकों को अपने वाहन हेलीपेड के पास निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़े करने होंगे। किसी भी व्यक्ति को वाहन लेकर जिला कलेक्ट्रेट परिसर के भीतर जाने की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन ने सभी से निर्धारित पार्किंग व्यवस्था का पालन करने और जारी निर्देशों की पालना करने की अपील की है।
जिला परिषद सदस्य पदों के लिए नाम निर्देशन पत्र 23 अक्टूबर तक जमा किए जा सकेंगे। इसके बाद 24 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी। प्रत्याशी 26 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होने के बाद चुनावी मुकाबले की तस्वीर स्पष्ट होगी और उम्मीदवार प्रचार अभियान में जुटेंगे।
सलूंबर जिले की सात पंचायत समितियों में दो चरणों में मतदान कराया जाएगा। तीसरे चरण के तहत लसाड़िया, सलूंबर, गींगला एवं सेमारी पंचायत समितियों में 3 नवंबर को मतदान होगा। वहीं, चौथे चरण में झल्लारा, सराड़ा एवं जयसमंद पंचायत समितियों के मतदाता 14 नवंबर को अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
जिला परिषद और सातों पंचायत समितियों की मतगणना 20 नवंबर को आईटीआई, खोलड़ी परिसर में होगी। इसके बाद 25 नवंबर को जिला प्रमुख और 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख का चुनाव निर्धारित किया गया है। नामांकन से लेकर मतदान, मतगणना और जिला प्रमुख के चुनाव तक की प्रक्रिया के लिए जिला प्रशासन व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है। सलूंबर में जिला परिषद के पहले चुनाव के साथ ही 21 वार्डों और सात पंचायत समितियों में चुनावी गतिविधियां आने वाले दिनों में और तेज होने की संभावना है।

Kalpita Bhavsar (Salumber)
कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।
