सलूंबर। सलूंबर पंचायत समिति सभागार में बुधवार को जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक उदयपुर लोकसभा सांसद मन्नालाल रावत की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक के दौरान सांसद रावत ने केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की सूक्ष्म समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों में गति लाएं और लंबित परियोजनाओं को समय सीमा में पूर्ण करें। उन्होंने रेखांकित किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है, जिसका लाभ अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए। सांसद ने विभागीय एजेंडावार बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए पिछली बैठक की अनुपालना रिपोर्ट का अवलोकन किया और कार्यों की भौतिक प्रगति की जानकारी ली।

सांसद मन्नालाल रावत ने पंचायती राज विभाग की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि निष्क्रिय हो चुके जॉब कार्डों को विशेष अभियान के माध्यम से पुनः सक्रिय किया जाए और आगामी “विबी जीरामजी अभियान” से पंद्रह दिन पूर्व समस्त तैयारियां सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने अधिकारियों को आत्म-निरीक्षण की सलाह देते हुए कहा कि वे स्वयं अपने कार्यों की कमियों को चिन्हित कर सुधार करें, क्योंकि योजनाओं के परिणाम कागजों के बजाय धरातल पर दिखने चाहिए। स्वच्छता के मुद्दे पर सख्त रुख अपनाते हुए सांसद ने नगर परिषद आयुक्त को प्रतिदिन सुबह शहर का निरीक्षण करने और वार्डवार मॉनिटरिंग के निर्देश दिए, साथ ही अमृत अभियान के तहत नदी-नालों को स्वच्छ कर सुव्यवस्थित वातावरण विकसित करने पर बल दिया। बैठक में धरती आबा योजना के अंतर्गत शत-प्रतिशत कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने और चिकित्सा विभाग से संबंधित सेमाल पीएचसी के भूमि आवंटन मामले में त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए गए।

जनसुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए सांसद ने झल्लारा की एम्बुलेंस सेवा को सलूंबर क्षेत्र में प्रभावी बनाने तथा जल स्वालंबन अभियान के तहत जिले की समस्त प्राचीन बावड़ियों के संरक्षण हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। पीएचईडी विभाग की समीक्षा में जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यों और क्षतिग्रस्त सड़कों पर नाराजगी व्यक्त की गई, जिस पर अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला ने हैंडपंप मरम्मत में बरती जा रही लापरवाही के लिए अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। शिक्षा के क्षेत्र में लाडो प्रोत्साहन योजना में सलूंबर जिले के प्रथम स्थान पर रहने की सराहना की गई, वहीं 29 विद्यालयों में शौचालयों का निर्माण शीघ्र पूर्ण करने हेतु पंचायती राज और शिक्षा विभाग को समन्वय के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में सांसद ने आगामी भीषण गर्मी में पेयजल उपलब्धता, सुचारू बिजली आपूर्ति और 'एक पेड़ मां के नाम' जैसे आगामी अभियानों की सफलता हेतु जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर सलूंबर विधायक शांता अमृत लाल मीणा, धरियावद विधायक थावरचंद मीणा, एडीएम डॉ. दिनेश राय सापेला और जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश चंद्र पाटीदार सहित तमाम जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story