सलूम्बर: देवलिया गांव में नुक्कड़ नाटक और कठपुतली से दी गई शिक्षा की जानकारी
लसाड़िया ब्लॉक में बासुदेव कानोरिया सेवा संस्थान और प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन ने ग्रामीणों को बच्चों की नियमित स्कूल उपस्थिति और पढ़ाई के प्रति जागरूक किया।

सलूम्बर के लसाड़िया ब्लॉक स्थित देवलिया गांव में शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित नुक्कड़ नाटक के दौरान मौजूद ग्रामीण और आयोजक।
सलूम्बर। सलूम्बर जिले के लसाड़िया ब्लॉक के देवलिया गांव के चंपावत फला स्थित मंड बावजी परिसर में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक प्रभावशाली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बासुदेव कानोरिया सेवा संस्थान के वित्तीय सहयोग से प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण समुदाय को शिक्षा के महत्व से जोड़ना, बच्चों की नियमित विद्यालय उपस्थिति सुनिश्चित करना तथा अभिभावकों को बच्चों की पढ़ाई में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था।
जीवंत प्रस्तुतियों से दिया शिक्षा का संदेश
कार्यक्रम के दौरान गोपीलाल जी ढोली व उनकी टीम ने जीवंत एवं संदेशपूर्ण नुक्कड़ नाटक और आकर्षक कठपुतली प्रस्तुति के माध्यम से उपस्थित ग्रामीणों का ध्यान आकर्षित किया। प्रस्तुतियों में शिक्षा के महत्व, बच्चों को रोजाना स्कूल भेजने की आवश्यकता, अभिभावकों की जिम्मेदारी तथा समाज के सामूहिक सहयोग जैसे विषयों को सरल और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। साथ ही बासुदेव कानोरिया सेवा संस्थान द्वारा लसाड़िया ब्लॉक के समग्र विकास हेतु किए जा रहे प्रयासों एवं प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा विद्यालय और समुदाय स्तर पर चलाए जा रहे विभिन्न शैक्षिक कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की गई।
ग्रामीणों का उत्साह और सामूहिक संकल्प
इस आयोजन में बच्चों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रस्तुतियों का आनंद लेते हुए शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश ग्रहण किया। कार्यक्रम के माध्यम से गांव में शिक्षा को लेकर जागरूकता का माहौल बना तथा अभिभावकों ने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने का संकल्प भी लिया।
गणमान्य जनों की उपस्थिति और आभार
इस अवसर पर बासुदेव कानोरिया सेवा संस्थान से भारत जी खोखर, रामनिवास जी तथा प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन से कमल नागर, नरेश मेघवाल, सुरेश मीणा, राधा मेघवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया गया और "भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की बात कही गई।"

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
