सलूम्बर। शैक्षणिक विकास और संगठन की मजबूती को लेकर सलूम्बर जिले में हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में राजस्थान शिक्षक संघ की उपशाखा सलूम्बर के सत्र 2025-26 की महत्वपूर्ण कार्यकारिणी बैठक दुदर स्थित उपशाखा कार्यालय में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। उपशाखा अध्यक्ष गजेंद्र चौबीसा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में न केवल संगठन की आगामी कार्ययोजना तैयार की गई, बल्कि शिक्षकों के हितों और राष्ट्रभक्ति से जुड़े कई दूरगामी निर्णय भी लिए गए।

बैठक की कार्यवाही की जानकारी देते हुए उपशाखा मंत्री नरेश चाष्टा ने बताया कि सभा में उपस्थित सभी सदस्यों ने आपसी विचार-विमर्श के बाद कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर अपनी सहमति की मुहर लगाई। संगठन की सक्रियता को बढ़ाते हुए प्रांतीय निर्देशानुसार आगामी 18 जनवरी को उपशाखा कार्यालय पर 'कर्तव्य बोध दिवस' मनाने का निर्णय लिया गया है। इस भव्य आयोजन में उपशाखा के समस्त ज्येष्ठ एवं श्रेष्ठ कार्यकर्ताओं सहित संपूर्ण कार्यकारिणी एकजुट होकर अपने उत्तरदायित्वों के निर्वहन का संकल्प लेगी।

राष्ट्रवाद की भावना को सर्वोपरि रखते हुए बैठक में एक ऐतिहासिक निर्णय लिया गया, जिसके तहत अब उपशाखा भवन पर प्रत्येक राष्ट्रीय पर्व पर नियमित रूप से ध्वजारोहण किया जाएगा। इसकी गरिमामय शुरुआत आगामी गणतंत्र दिवस से होने जा रही है। इसके अतिरिक्त, प्रशासनिक पारदर्शिता और व्यवस्था सुधार की दिशा में कदम उठाते हुए कार्यालय में स्थाई सामग्री रजिस्टर का संधारण करने, प्रत्येक सत्र की कार्यकारिणी की सूची का प्रकाशन करने और ब्लॉक स्तर के शिक्षकों की समस्याओं का समयबद्ध अवलोकन कर उनका उचित समाधान सुनिश्चित करने जैसे प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया।

संगठन के प्रति समर्पण दिखाते हुए भामाशाह मगन सेवक ने उपशाखा कार्यालय के लिए 'वक्ता मंच' भेंट करने की घोषणा की, जिसकी उपस्थित सदस्यों ने सराहना की। इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रकाश मेहता, मांगीलाल मीणा, रमेश पुरी गोस्वामी, मिलिंन उपाध्याय, कैलाश पांडे और कांतिलाल मीणा सहित कार्यकारिणी के सभी सदस्य सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। यह बैठक सलूम्बर क्षेत्र में शिक्षकों की एकजुटता और उनके अधिकारों के प्रति सजगता का एक जीवंत उदाहरण बनकर उभरी है।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story