सलुंबर जिला कांग्रेस कमेटी मुख्यालय पर गुरुवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर कई गंभीर मुद्दे सामने आए। जिला अध्यक्ष परमानन्द मेहता (एडवोकेट) की अध्यक्षता में हुई जनसुनवाई के दौरान स्थानीय नागरिकों ने शहर में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान पर सवाल उठाए। साथ ही, राजस्थान के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के 14 जुलाई को प्रस्तावित सलुंबर दौरे को लेकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आवश्यक निर्देश भी दिए गए।

जनसुनवाई के दौरान नगर सलुंबर निवासी मोहम्मद खां ने प्रशासन द्वारा संचालित अतिक्रमण हटाओ अभियान पर गंभीर आपत्ति दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि कार्रवाई में पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ विशेष रसूखदार और राजनीतिक प्रभाव रखने वाले लोगों के अतिक्रमणों को छोड़ दिया गया, जबकि गरीब और आम तबके के लोगों के निर्माणों को बलपूर्वक हटाया गया। शिकायतकर्ता के अनुसार नियमानुसार सभी अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध समान रूप से कार्रवाई की जानी चाहिए थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष परमानन्द मेहता ने तत्काल जांच के लिए एक कमेटी का गठन किया। इस कमेटी में पूर्व सभापति प्रद्युमन कोडिया, उपसभापति अब्दुल रउफ खां, रामभरोसे पुरोहित, नारायण भोई, किशनसिंह चुण्डावत और गणेश एन. मेहता को शामिल किया गया है। यह कमेटी मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति का पता लगाएगी और इसके बाद संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष औपचारिक शिकायत दर्ज कराएगी।

जनसुनवाई के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों से आए नागरिकों ने भी अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं से जिला अध्यक्ष को अवगत कराया। इस पर परमानन्द मेहता ने संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत कर समस्याओं के त्वरित निस्तारण का अनुरोध किया।

इस बीच राजस्थान के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट का 14 जुलाई (मंगलवार) को सलुंबर दौरा प्रस्तावित है। उनका कार्यक्रम आरटीओ सर्कल चौपाटी स्थित होटल ब्रह्मा इन के प्रांगण और पार्किंग स्थल पर आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों और रूपरेखा तय करने के लिए 11 जुलाई 2026 (शनिवार) को प्रातः 11 बजे जिला कांग्रेस मुख्यालय पर एक अति आवश्यक बैठक बुलाई गई है। जिला अध्यक्ष परमानन्द मेहता ने जिला कांग्रेस कमेटी के सभी पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों, प्रमुख कार्यकर्ताओं तथा आम नागरिकों से इस बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया है।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story