सलूंबर जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. ने शनिवार को प्रशासनिक मुस्तैदी दिखाते हुए सलूंबर उपखंड कार्यालय, तहसील कार्यालय, जिला न्यायालय परिसर, प्रस्तावित हेलीपेड स्थलों तथा पेयजल व्यवस्थाओं का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्य निष्पादन और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के कड़े दिशा-निर्देश जारी किए।

जिला कलेक्टर ने अपने निरीक्षण अभियान की शुरुआत सर्वप्रथम उपखंड कार्यालय से की, जहां उन्होंने बकाया राजस्व मामलों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित कर पक्षकारों को हरहाल में राहत प्रदान की जाए। आगामी मानसून सीजन की संवेदनशीलता को देखते हुए उन्होंने सभी तैयारियां चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी संभावित आपात स्थिति में आमजन तक त्वरित राहत पहुंचाई जा सके। राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं एवं कल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति को धरातल पर उतारने के लिए उन्होंने उपखंड अधिकारी जगदीश चंद्र बामणिया की उपस्थिति में ब्लॉक स्तर पर माइक्रो मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने की हिदायत दी।

प्रशासनिक जवाबदेही को और मजबूत करने के लिए जिला कलेक्टर ने इसके पश्चात तहसील कार्यालय सलूंबर का रुख किया। वहां उन्होंने राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों की प्रगति का गहन जायजा लेते हुए नामांतरण, सीमाज्ञान, जाति, आय एवं निवास प्रमाण-पत्र, भूमि विवाद, राजस्व न्यायालयीन प्रकरणों तथा जनसुनवाई से संबंधित मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। तहसीलदार मयूर शर्मा एवं अन्य स्टाफ की मौजूदगी में जिला कलेक्टर ने दोटूक शब्दों में कहा कि तहसील आमजन और प्रशासन के बीच प्रथम संपर्क का केंद्र है, इसलिए इसकी सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब कतई स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने सभी लंबित प्रकरणों की सूची तैयार कर उनका चरणबद्ध एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही रिकॉर्ड संधारण, ऑनलाइन प्रविष्टियों, जन सेवा केंद्रों से समन्वय, स्वच्छता, अनुशासन बनाए रखने तथा डिजिटल प्रक्रियाओं के अधिकतम उपयोग पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आमजन के प्रति संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार रखने की नसीहत दी।

प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के क्रम में जिला कलेक्टर ने खोलड़ी, बस्सी प्रतापनगर एवं करगेटा में प्रस्तावित हेलीपेड स्थलों का भी स्थलीय अवलोकन किया। उन्होंने निर्धारित मानकों के अनुरूप इन स्थलों की उपयुक्तता का बारीकी से परीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सुरक्षा कारणों से हेलीपेड के आसपास कम से कम 100 मीटर का क्षेत्र पूर्णतः अवरोध मुक्त रखा जाए। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों एवं वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान निर्बाध पहुंच सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

भीषण गर्मी के इस दौर में आमजन को सबसे बड़ी राहत पहुंचाने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर ने पेयजल व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने चाटपुर फीडर सहित विभिन्न पेयजल व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और जल स्रोतों, भंडारण क्षमता, जल आवक तथा वितरण प्रणाली का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां भी पेयजल की समस्या सामने आए, वहां तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था की जाए तथा आवश्यकता अनुसार टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कुड़ी होद को पेयजल उपलब्ध कराने वाली संपूर्ण वितरण प्रणाली का भी निरीक्षण कर उसकी कार्यक्षमता का गंभीरता से आकलन किया।

इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के समापन पर जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में पानी की प्रत्येक बूंद अत्यंत महत्वपूर्ण है और जिले के प्रत्येक नागरिक तक पर्याप्त एवं निर्बाध पेयजल पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चेताया कि जल वितरण व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य करते हुए आमजन को राहत पहुंचाना सुनिश्चित करें। जलापूर्ति व्यवस्था की सतत मॉनिटरिंग एवं 24 घंटे प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के साथ ही सार्वजनिक टांकों एवं पशु खेलियों में नियमित रूप से टैंकरों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने तथा कंट्रोल रूम एवं आमजन से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। इस पूरे निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ दिनेश राय सापेला, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग तथा अन्य संबंधित प्रशासनिक विभागों के उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story