नवगठित सलूम्बर जिला मुख्यालय की व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने और आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को जिला कलक्टर मुहम्मद जुनेद पी पी पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए। जिला कलक्टर ने अचानक शहर की सड़कों पर उतरकर विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, विद्युत विभाग कार्यालय, जिला अस्पताल एवं परिवहन विभाग का सघन औचक निरीक्षण किया। इस मैराथन सिटी राउंड के दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, स्ट्रीट लाइट, रोड सेफ्टी और स्वास्थ्य सुविधाओं की जमीनी हकीकत को बारीकी से परखा तथा संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही कड़े और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

कलक्टर मुहम्मद जुनेद पी पी ने अपने औचक निरीक्षण की शुरुआत भीण्डर बायपास रोड से की, जहां उन्होंने सड़क एवं यातायात व्यवस्था का गहन अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को सख्त लहजे में निर्देशित किया कि आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण हर हाल में सुनिश्चित किया जाए तथा कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए। अपराधों की रोकथाम के लिए नियमित गश्त बढ़ाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन की कार्यशैली ऐसी होनी चाहिए जिससे आमजन में विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत हो। शहर के सौंदर्यकरण और आमजन की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही को अक्षम्य बताते हुए कलक्टर ने नगर परिषद को निर्देश दिए कि शहर में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल दुरुस्त किया जाए, डिवाइडरों की मरम्मत हो और प्रमुख मार्गों पर रोशनी तथा यातायात व्यवस्था हर हाल में बेहतर बनाई जाए।

प्रशासनिक हड़कंप के बीच जिला कलक्टर ने विद्युत विभाग कार्यालय का औचक निरीक्षण कर पूरी कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने फाइलों के रखरखाव, रिकॉर्ड व्यवस्था एवं कार्यालयों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। विभागीय कर्मचारियों से सीधी चर्चा करते हुए कलक्टर ने शहर में लगातार सामने आ रही लो-वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या का स्थायी समाधान करने की हिदायत दी। उन्होंने स्वयं कंट्रोल रूम की जांच कर शिकायतों के निस्तारण की वास्तविक स्थिति जानी और स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना ही इस प्रशासन की पहली प्राथमिकता है।

इसके पश्चात, जिला कलक्टर ने जिला चिकित्सालय का रुख किया, जहां उन्होंने उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, मरीजों को दी जा रही सेवाओं तथा साफ-सफाई व्यवस्थाओं का व्यापक अवलोकन किया। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों एवं कार्मिकों को चिकित्सालय में सुरक्षा गार्ड नियुक्त करने के निर्देश दिए। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री निःशुल्क जांच योजना के तहत अधिक से अधिक मरीजों की जांच सुनिश्चित की जाए ताकि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा योजना का पूरा लाभ मिलना चाहिए और दवाओं की उपलब्धता निरंतर बनी रहे। मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने तथा अस्पताल परिसर में नियमित साफ-सफाई रखकर मरीजों और उनके परिजनों के लिए स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने चिकित्सा स्टाफ को आमजन के प्रति संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए पाबंद किया।

सड़क सुरक्षा के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए जिला कलक्टर ने सलूम्बर शहर के आरटीओ चौराहे का निरीक्षण किया। वहां उन्होंने परिवहन विभाग के अधिकारियों को सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश जारी किए। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से बसों के इमरजेंसी गेट (Emergency Gate) की कार्यक्षमता जांचने और नियमित अभियान चलाकर सख्त चेकिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सार्वजनिक वाहनों में सुरक्षा मानकों की सख्ती से पालना करवाई जाए।

इस पूरे औचक निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर के साथ अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला, पुलिस अधीक्षक विशनाराम बिश्नोई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन चावला, उपखंड अधिकारी जगदीश चन्द्र बामनिया, वृताधिकारी हेरम्ब जोशी, तहसीलदार डॉ. मयूर शर्मा, डीटीओ विपिन महेश्वरी, पीआरओ पुष्पक मीणा, नगर परिषद आयुक्त गणपत लाल खटीक, विद्युत विभाग से राकेश सोनी, जल विभाग से चेतन परमार सहित अन्य सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कलक्टर के इस औचक दौरने ने सभी महकमों में जवाबदेही तय की है तथा उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए स्वच्छ एवं सुंदर शहर के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का पुरजोर आह्वान किया है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story