उदयपुर संभाग के सलूम्बर जिले के परसाद थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ शिवरात्रि के मेले में गए तीन युवक सड़क किनारे बाइक पर बैठकर आपस में बातचीत कर रहे थे, तभी एक अनियंत्रित कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण दुर्घटना में एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हैं।

खड़ी बाइक को कार ने मारी टक्कर

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार कुंदन (18) पुत्र शान्तिलाल मीणा निवासी पालसेपुर सराड़ा अपने साथी गोविंदराम (18) पुत्र टेकचंद व मंशाराम (19) पुत्र चम्पालाल के साथ चावंड परसाद रोड़ पर कजड़ा घाटी में आयोजित शिवरात्रि के मेले में गया था। तीनों बाइक को खड़ा कर आपस में बात कर रहे थे, तभी परसाद की तरफ से तेज गति से आई कार ने बाइक को टक्कर मारी, जिससे बाइक सवार युवक पोल से जा टकराए। इस भिड़ंत के कारण तीनों युवक लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।

उपचार के दौरान कुंदन ने तोड़ा दम

दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को घायलावस्था में परसाद सीएचसी ले जाया गया। वहाँ उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें उदयपुर के एमबी चिकित्सालय रेफर कर दिया। चिकित्सालय में उपचार के दौरान कुंदन की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल युवकों का फिलहाल अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर छा गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मृतक के पिता शांतिलाल की रिपोर्ट पर एएसआई नानालाल ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस अब घटना की विस्तृत जांच कर रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story