सलूम्बर: रात्रि चौपाल में वृद्ध महिला को मिला आयुष्मान कार्ड, अब होगा मुफ्त इलाज
जिला कलेक्टर के निर्देश पर चिकित्सा विभाग ने कडूणी गांव में लाली बाई की ई-केवाईसी पूरी कर आयुष्मान कार्ड जारी किया, जिससे 25 लाख तक का निशुल्क उपचार संभव होगा।

सलूम्बर जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. कडूणी गांव में आयोजित रात्रि चौपाल के दौरान लाली बाई के पति को आयुष्मान कार्ड सौंपते हुए, जिससे उन्हें निशुल्क चिकित्सा सुविधा मिलेगी।
जिला सलूम्बर के कडूणी गांव में आयोजित रात्रि चौपाल में प्रशासनिक संवेदनशीलता और त्वरित कार्यवाही का ऐसा उदाहरण सामने आया, जिसने मानवीय पहल को नई पहचान दी। जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. के निर्देशन में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने एक असहाय वृद्ध महिला को उपचार का अधिकार दिलाकर राहत पहुंचाई।
कडूणी निवासी 68 वर्षीय लाली बाई, जो घुटनों की गंभीर बीमारी के कारण लंबे समय से बिस्तर पर पड़ी थीं और उठने में असमर्थ थीं, आयुष्मान कार्ड भौतिक रूप से उपलब्ध नहीं होने के चलते उपचार से वंचित थीं। घर-घर सर्वे अभियान के दौरान आशा सहयोगिनी को लाली बाई की स्थिति की जानकारी मिली। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सराड़ी के प्रभारी अधिकारी को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर संवेदनशीलता का परिचय दिया। टीम ने मरीज के घर पर ही आयुष्मान एप के माध्यम से उनकी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी की। तत्पश्चात आयुष्मान कार्ड तुरंत डाउनलोड कर ई-मित्र से उसका प्रिंट निकलवाया गया।
रात्रि चौपाल के दौरान जिला कलेक्टर के हाथों लाली बाई के पति को यह आयुष्मान कार्ड सौंपा गया। इस कार्ड के माध्यम से अब वे किसी भी अधिकृत निजी अस्पताल में जाकर लाली बाई का 25 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज करवा सकेंगे।
इस त्वरित और संवेदनशील कार्यवाही से भावुक होकर लाली बाई के पति ने राज्य सरकार, जिला प्रशासन एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम का आभार व्यक्त किया। उनकी आंखों में खुशी के आंसू छलक आए, जो इस पहल की प्रभावशीलता और मानवीय महत्व को दर्शाते हैं। यह घटना न केवल प्रशासनिक सक्रियता का उदाहरण है, बल्कि जरूरतमंद तक योजनाओं की वास्तविक पहुंच का सशक्त प्रमाण भी है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
