सलूंबर जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और अन्य कार्मिकों का आंदोलन लगातार जारी है। बुधवार को कार्मिकों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की मांग की। कार्मिकों का कहना है कि वे 1 जुलाई 2026 से प्रदेशव्यापी कार्य बहिष्कार पर हैं, लेकिन अब तक सरकार और विभाग की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

ज्ञापन में संगठन ने कहा कि नियमितीकरण, मानदेय वृद्धि, ग्रेच्यूटी, पेंशन और बकाया भुगतान जैसी मांगों को समय-समय पर विभाग और सरकार के समक्ष उठाया जाता रहा है। इसके बावजूद विभागीय उदासीनता के कारण अब तक किसी भी मांग का समाधान नहीं हो सका है।

कार्मिकों ने बताया कि 4 जून को निदेशालय पर प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन से पहले 2 जून को विभाग ने संगठन को वार्ता के लिए आमंत्रित किया था। उस दौरान विभागीय अधिकारियों ने 10 से 15 दिनों के भीतर समस्त बकाया भुगतान कराने तथा नियमितीकरण, मानदेय वृद्धि, ग्रेच्यूटी और पेंशन जैसे विषयों पर सरकार स्तर पर सकारात्मक पहल किए जाने का भरोसा दिलाया था।

आंदोलनरत कार्मिकों का आरोप है कि वार्ता के बाद न तो बकाया भुगतान किया गया और न ही उनकी किसी मांग पर कोई ठोस कार्रवाई हुई। उनका कहना है कि लगातार आश्वासन मिलने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं होने से कार्मिकों में भारी नाराजगी है।

कार्मिकों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार शीघ्र उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी सरकार और विभाग की होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं मौजूद रहीं। उन्होंने सरकार से जल्द वार्ता कर अपनी लंबित मांगों का समाधान करने की मांग दोहराई।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story