सलूंबर में शुक्रवार, 25 सितंबर को जिला कलेक्ट्रेट स्थित डीओआईटी वीसी कक्ष में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में विकसित भारत-2047 के संकल्प और युवाओं की भूमिका पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में स्कूल एवं कॉलेज शिक्षा विभाग से जुड़े छात्र-छात्राओं, युवा खिलाड़ियों सहित बड़ी संख्या में युवाओं, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की। जयपुर के बिरला ऑडिटोरियम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का जिले में लाइव प्रसारण किया गया।

लाइव प्रसारण के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने युवाओं का आह्वान किया कि वे कार्य के प्रति कभी आलस्य नहीं बरतें और पूरी ऊर्जा एवं मेहनत के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के विकास और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। युवा, किसान और महिला उत्थान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति सहित विभिन्न नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ग्राम में लाइब्रेरी की सुविधा उपलब्ध कराने तथा डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद के विचारों एवं संदेश का उल्लेख करते हुए युवाओं से मेहनत, ऊर्जा और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी युवाओं से संवाद किया। उन्होंने नशामुक्ति अभियान की सराहना करते हुए कहा कि समाज और अपने आसपास नशामुक्ति के लिए संकल्प लेने वाले युवाओं की पहल सकारात्मक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने युवाओं को नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया।

नितिन नबीन ने युवाओं से विकसित भारत-2047 के संकल्प को प्रत्येक भारतीय का सपना बनाने का आह्वान किया। उन्होंने जीवन के विभिन्न आयामों पर अपने विचार साझा करते हुए कहा कि युवाओं को सफलता के लिए सही दिशा में निरंतर प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अच्छा नागरिक बनने के लिए किसी भी कार्य को पूरी लगन और समर्पण के साथ करना चाहिए तथा जीवन में अपना विजन हमेशा बड़ा रखना चाहिए।

उन्होंने युवाओं को शॉर्टकट से बचने तथा डेडिकेशन और निरंतरता के साथ लक्ष्य प्राप्त करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मेहनत, समर्पण और निरंतर प्रयास से ही स्थायी सफलता हासिल की जा सकती है। साथ ही युवाओं से अपनी उपलब्धियों और अनुभवों को समाज के साथ साझा करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया। युवा संवाद कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ युवाओं की सामाजिक भूमिका, निरंतर प्रयास और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश प्रमुखता से सामने आया।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story