सलूंबर। विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत आयोजित किए जा रहे शिविरों में किए जा रहे कार्यों की पोर्टल पर नियमित और समयबद्ध अपडेटिंग को लेकर जिला कलक्टर मुहम्मद जुनैद पी.पी. ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं। सोमवार को उनकी अध्यक्षता में जिला स्तरीय अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसमें विकसित भारत जन सेवा अभियान, गिरदावर सर्किल स्तर पर आयोजित शिविरों, विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण तथा संपर्क पोर्टल सहित विभिन्न योजनाओं और कार्यों की समीक्षा की गई।

जिला कलक्टर ने विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत आयोजित शिविरों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी उपखंड अधिकारियों और विकास अधिकारियों को प्रत्येक शिविर में किए जा रहे कार्यों की पोर्टल पर नियमित एवं समयबद्ध अपडेटिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यों में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

गिरदावर सर्किल स्तर पर आयोजित शिविरों की समीक्षा के दौरान जिला कलक्टर ने कहा कि कार्यालयीन नियमित कार्यों का कोई भी प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिए। लंबित प्रकरणों का भी शिविरों के माध्यम से प्राथमिकता से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों को शिविरों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने और संबंधित रिपोर्ट नियमित रूप से प्रेषित करने के निर्देश दिए।

बैठक में विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण की भी समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने सभी विकास अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य पूर्ण करने तथा पोषण वाटिकाओं के विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

संपर्क पोर्टल पर दर्ज परिवादों की भी बैठक में समीक्षा हुई। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को सभी परिवादों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निस्तारण के दौरान परिवादी की समस्या का वास्तविक समाधान हो, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा।

बैठक में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ ब्लॉक से उपखंड अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। समीक्षा बैठक में शिविरों के कार्यों की निगरानी, लंबित प्रकरणों के निस्तारण, निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति और परिवादों के गुणवत्तापूर्ण समाधान पर प्रशासनिक स्तर पर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story