सलूम्बर: 'वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026' के लिए अधिकारियों की नियुक्ति
जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के लिए 25 मई से 5 जून तक संचालित होने वाले अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु जिला एवं ब्लॉक स्तरीय नोडल अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई।

सलूम्बर। राज्य सरकार के निर्देशों के अनुपालन में जिला कलक्टर सलूम्बर द्वारा 'वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026' के सफल आयोजन और विभिन्न गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की नियुक्ति के आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं। जल सुरक्षा और पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्ध यह विशेष अभियान आगामी 25 मई से 5 जून तक पूरे जिले में व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा।
इस अभियान के तहत जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, पौधारोपण, जल स्रोतों की सफाई, जनजागरूकता रैलियां, नुक्कड़ नाटक, प्रभात फेरियां, सामाजिक सहभागिता, जल चौपाल के साथ-साथ विभिन्न खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के सुचारू संचालन हेतु ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लिए पृथक-पृथक नोडल अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। आदेशानुसार, जिला स्तर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश चंद्र पाटीदार को ग्रामीण क्षेत्र का नोडल अधिकारी और नगर परिषद आयुक्त गणपतलाल खटीक को शहरी क्षेत्र का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त, जलग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विभाग के अधीक्षण अभियंता रतन सिंह भाटी को सहायक नोडल अधिकारी का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।
प्रशासन द्वारा अधिकारियों की इस नियुक्ति के साथ ही अभियान की कार्ययोजना को मूर्त रूप देना शुरू कर दिया गया है। जल संकट के दौर में यह अभियान न केवल जल स्रोतों के संरक्षण में मील का पत्थर साबित होगा, बल्कि जनभागीदारी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सशक्त जन आंदोलन के रूप में जिले की तस्वीर बदलने का काम करेगा।

