सलूम्बर जिला मुख्यालय पर सड़क सुरक्षा नियमों को प्रभावी बनाने और आमजन के साथ-साथ सरकारी कर्मचारियों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय के बाहर विशेष कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने बिना हेलमेट और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालान काटने का अभियान चलाया। इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व स्वयं जिला पुलिस अधीक्षक ने किया।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 4 बजे यातायात प्रभारी देवीदयाल सिंह और उनकी टीम ने जिला कलेक्टर कार्यालय के मुख्य द्वार के बाहर विशेष नाकाबंदी की। कार्यालयों की छुट्टी होने और कर्मचारियों के घर लौटने के समय शुरू हुए इस अभियान से मौके पर हलचल मच गई। पुलिस ने नियमों की अनदेखी करने वाले कई वाहन चालकों को रोका, जिनमें कलेक्ट्रेट और एसपी कार्यालय के बड़ी संख्या में कर्मचारी भी शामिल थे।

यातायात पुलिस ने मौके पर ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कर्मचारियों के चालान काटे। वहीं, पहली बार बिना हेलमेट पाए गए कई दुपहिया वाहन चालकों को सख्त हिदायत देकर छोड़ दिया गया।

कार्रवाई के दौरान जिला पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि कानून सभी के लिए समान है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों से स्वयं यातायात नियमों का शत-प्रतिशत पालन करने की अपील की।

जिला पुलिस अधीक्षक ने कहा, “सरकारी कर्मचारी समाज के लिए एक उदाहरण होते हैं। अगर वे ही बिना हेलमेट के चलेंगे, तो आम जनता को क्या संदेश जाएगा? सभी कर्मचारी हेलमेट पहनकर ही कार्यालय आएं। आज समझाइश की गई है, लेकिन आगे से बिना हेलमेट पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और चालान काटा जाएगा।”

यातायात प्रभारी देवीदयाल सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए हेलमेट पहनना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि लोगों की जान सुरक्षित करना है। पुलिस टीम ने चेतावनी दी कि यह अभियान केवल शुरुआत है और आने वाले दिनों में इसे और तेज किया जाएगा। बिना हेलमेट कार्यालय आने वाले किसी भी कर्मचारी को आगे से बख्शा नहीं जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए चालान काटा जाएगा।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story