सलूंबर जिले में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम (SSR-2027) के तहत मतदाता सूची में पात्र नागरिकों का नाम जोड़ने और मौजूदा प्रविष्टियों में संशोधन के लिए विशेष क्लस्टर कैंप आयोजित किए जाएंगे। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के संदर्भ में चलाए जा रहे इस अभियान में दिव्यांगजन, महिलाएं, नवविवाहित महिलाएं, ट्रांसजेंडर, बेघर व्यक्ति और वंचित वर्गों के पात्र नागरिकों के पंजीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में आयोजित होने वाले इन कैंपों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिले का कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित न रहे। इसके लिए अलग-अलग श्रेणियों के नागरिकों को ध्यान में रखते हुए विशेष तिथियां और स्थान निर्धारित किए गए हैं।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 30 नवंबर 2026 को दिव्यांगजन मतदाताओं के लिए विशेष कैंप लगाए जाएंगे। वहीं, 5 दिसंबर 2026 को ट्रांसजेंडर एवं बेघर व्यक्तियों और 6 दिसंबर 2026 को विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG), विमुक्त, घुमंतू एवं अर्द्धघुमंतू जनजातियों के लिए कैंप आयोजित होंगे। महिलाओं एवं नवविवाहित महिलाओं के मतदाता पंजीकरण के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक प्रत्येक बुधवार को विशेष क्लस्टर कैंप लगाए जाएंगे।

अभियान को प्रभावी बनाने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कार्मिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, राजीविका स्वयं सहायता समूह, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी और अन्य संबंधित संस्थाओं के सहयोग से पात्र नागरिकों को पंजीकरण प्रक्रिया में आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

अलग-अलग वर्गों की सुविधा के अनुसार कैंपों के स्थान भी तय किए गए हैं। दिव्यांगजन मतदाताओं के लिए विशेष विद्यालयों, आवासीय विद्यालयों एवं संबंधित संस्थानों में कैंप आयोजित होंगे। ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए डे-हैबिटेशन केंद्रों एवं उनके निवास स्थलों पर पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। बेघर व्यक्तियों के लिए रैन बसेरों एवं श्रम कॉलोनियों में, जबकि विशेष जनजातीय समूहों के लिए चिन्हित स्थानों पर कैंप लगाए जाएंगे।

इसी तरह महिलाओं एवं नवविवाहित महिलाओं के लिए मतदान केंद्रों पर विशेष क्लस्टर कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों की ओर से आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए आवश्यक सहयोग दिया जाएगा।

मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए पात्र नागरिक निर्धारित कैंपों में फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकेंगे। वहीं, मतदाता सूची में नाम, पता एवं अन्य प्रविष्टियों में सुधार के लिए निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से आवेदन किया जा सकेगा। जिन नागरिकों के लिए कैंप में पहुंचना संभव नहीं है, उनके लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। इसके तहत नागरिक Voter Service Portal अथवा ECINET ऐप के जरिए आवेदन कर सकेंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, पात्र नागरिकों को पंजीकरण के दौरान जरूरी सहायता उपलब्ध कराने और कैंपों की गतिविधियों एवं प्रगति की नियमित जानकारी निर्धारित माध्यमों पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। SSR-2027 के तहत यह अभियान सलूंबर जिले में मतदाता सूची को अद्यतन करने के साथ विभिन्न पात्र एवं वंचित वर्गों तक पंजीकरण की सुविधा पहुंचाने पर केंद्रित रहेगा।

Updated On
Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story