सलूंबर जिले के सेरीया गांव में बछड़े का शिकार करने वाले लेपर्ड को वन विभाग ने पिंजरे में कैद कर लिया है। घटना के बाद वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए बुधवार शाम गांव के पास पिंजरा लगाया था, जिसमें गुरुवार अल सुबह लेपर्ड फंस गया। पकड़े गए लेपर्ड की उम्र करीब 5 साल बताई गई है।

रेंजर खेमराज मीणा ने बताया कि वन विभाग ने बुधवार शाम करीब 6 बजे सेरीया गांव के पास लेपर्ड को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया और पूरी रात निगरानी रखी गई। गुरुवार अल सुबह करीब 4 बजे ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी कि लेपर्ड पिंजरे में फंस गया है।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लेपर्ड का सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया। इसके बाद लेपर्ड का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। स्वास्थ्य परीक्षण में पूरी तरह स्वस्थ पाए जाने पर वन विभाग की गाइडलाइन के अनुसार उसे सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया जाएगा।

इस सफल रेस्क्यू अभियान में वनपाल उदय सिंह चूंडावत, विजेश सुथार, नरेन्द्र सिंह और विष्णु प्रताप सिंह चूंडावत सहित वन विभाग की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से गांव में लेपर्ड को लेकर बनी चिंता का समाधान हुआ।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story