सलूंबर में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन, सरदार पटेल की जयंती पर गूंजा एकता का संदेश
जिला कलक्टर की मौजूदगी में लगभग 500 विद्यार्थियों और अधिकारियों ने राष्ट्रीय एकता की शपथ ली।

तस्वीर में सलूंबर में राष्ट्रीय एकता दिवस पर रन फॉर यूनिटी मार्च को हरी झंडी दिखाते अधिकारी।
सलूंबर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को सलूंबर जिला मुख्यालय पर ‘रन फॉर यूनिटी’ मार्च आयोजित किया गया। जिला प्रशासन के तत्वावधान में युवा मामले एवं खेल विभाग तथा शिक्षा विभाग के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस मार्च में लगभग 500 विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, शिक्षकों, राजकीय अधिकारियों-कर्मचारियों एवं आमजन ने भाग लेकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।
पी.एम. श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सलूंबर परिसर से सुबह 10 बजे शुरू हुए मार्च को जिला कलक्टर मुहम्मद जुनैद पी.पी. ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उपखंड अधिकारी दिनेश बामनिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षा विभाग के कार्मिक एवं खेल प्रशिक्षक मौजूद रहे।
मार्च से पहले जिला कलक्टर मुहम्मद जुनैद पी.पी. ने सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई। उन्होंने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने के साथ देशवासियों के बीच आपसी सौहार्द और एकजुटता की भावना मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के लिए दिए गए अतुलनीय योगदान का स्मरण किया गया। साथ ही उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया। मार्च में शामिल प्रतिभागियों ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
‘रन फॉर यूनिटी’ मार्च पी.एम. श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर से रवाना होकर चुंगी नाका, बांसवाड़ा रोड, लवकुश स्कूल बाईपास एवं आशीर्वाद गार्डन से गुजरते हुए पुनः विद्यालय परिसर पहुंचा। मार्च के दौरान विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और अन्य प्रतिभागियों की सामूहिक सहभागिता से राष्ट्रीय एकता दिवस का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामाजिक सद्भाव, आपसी सहयोग और राष्ट्र की एकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।
आयोजन में पी.एम. श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सलूंबर, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, सलूंबर, महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, गांधी चैक, सलूंबर, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, गर्गवाड़ा, लवकुश उच्च माध्यमिक विद्यालय, सलूंबर तथा महेश इंटरनेशनल उच्च प्राथमिक विद्यालय, सलूंबर के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने भाग लिया।
विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ खेल विभाग के खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों की सहभागिता ने आयोजन को व्यापक स्वरूप प्रदान किया। विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, राजकीय कार्मिकों एवं आमजन की सामूहिक भागीदारी से राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश प्रभावी रूप से प्रसारित हुआ।
कार्यक्रम के ब्लॉक नोडल एवं मुख्य प्रभारी मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, सलूंबर कपिल मेहता रहे। सह-प्रभारियों के रूप में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, डाल के प्राचार्य कमलेश पटेल तथा पी.एम. श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सलूंबर के प्राचार्य भगवान लाल त्रिवेदी ने जिम्मेदारी निभाई।
आयोजन की व्यवस्थाओं में वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक केसर सिंह, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, झल्लारा तथा मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी रामलाल ने सहयोग किया। खेल विभाग की ओर से कबड्डी प्रशिक्षक नरेश रेबारी, सुरेन्द्र सिंह, शारीरिक शिक्षक केसर सिंह एवं कमलेश शर्मा सहित पूरी टीम ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
स्थानीय विद्यालय की उपप्राचार्य ममता भट्ट, प्रेम शंकर चैबीसा, प्रदीप पटेल एवं कुशाग्र जैन सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ ने भी कार्यक्रम के सफल संचालन में सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के पश्चात नगर परिषद, सलूंबर की ओर से मार्च में शामिल सभी प्रतिभागियों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम के सह-प्रभारी एवं विद्यालय के प्राचार्य भगवान लाल त्रिवेदी ने अतिथियों, अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं सहयोगी विद्यालयों का स्वागत-अभिनंदन किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी व्यक्तियों एवं संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित इस मार्च में करीब 500 प्रतिभागियों की भागीदारी ने सरदार वल्लभभाई पटेल के एकता और अखंडता के संदेश को सामूहिक रूप से आगे बढ़ाया। विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, प्रशासनिक अधिकारियों और आमजन ने एकजुट होकर राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रप्रेम के मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।

Kalpita Bhavsar (Salumber)
कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।
