सलूम्बर में रावण दहन स्थल पर विवाद खत्म, भाजपा समर्थक पार्षद हाईस्कूल मैदान पर सहमत
सलूम्बर में रावण दहन स्थल पर विवाद खत्म, भाजपा समर्थक पार्षद हाईस्कूल मैदान पर सहमत

सलूम्बर नगर परिषद सभागार में रावण दहन स्थल के विवाद को सुलझाने के लिए आयोजित आपातकालीन बैठक के दौरान मंचासीन जनप्रतिनिधि और पार्षद।
सलूम्बर में रावण दहन के स्थल को लेकर पिछले कई दिनों से चल रही राजनीतिक खींचतान पर रविवार देर शाम विराम लगने की उम्मीद जगी। नगर परिषद सभागार में नवनिर्वाचित बोर्ड की आपातकालीन बैठक सभापति नरेश जैन की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में भाजपा समर्थक पार्षदों ने जनभावना और आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में रावण दहन कराने पर सहमति जताई। बैठक में उपसभापति डॉ. लव व्यास और कार्यवाहक आयुक्त जगदीश चन्द्र बामणिया भी मौजूद रहे।
बैठक में विपक्षी दल के नेता कैलाश गांधी ने कहा कि शहरवासियों की भावनाओं और आमजन की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए भाजपा समर्थक पार्षद हाईस्कूल के खेल मैदान में रावण दहन कराने के लिए सहमत हैं। उन्होंने जोर दिया कि भविष्य में इस तरह की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। आगे भी रावण दहन स्थल को लेकर कोई निर्णय लेना हो तो नगर परिषद बोर्ड की बैठक बुलाकर सभी पक्षों की सहमति से फैसला किया जाए, ताकि विवाद की स्थिति से बचा जा सके।
सभापति नरेश जैन ने बैठक के संबंध में जानकारी दी। उपसभापति डॉ. लव व्यास ने बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों का आभार जताते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। भाजपा समर्थक पार्षदों की सहमति के बाद रावण दहन स्थल को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के समाधान का रास्ता खुल गया है।
सलूम्बर में रावण दहन स्थल को लेकर परंपरा और सुरक्षा के मुद्दे पर सत्तापक्ष तथा विपक्ष के बीच मतभेद सामने आए थे। भाजपा समर्थक पार्षद परंपरागत रूप से रावण मगरी पर ही रावण दहन कराने के पक्ष में थे। वहीं सत्तारूढ़ दल के पार्षद आमजन की सुरक्षा और पिछले वर्ष की व्यवस्था का हवाला देते हुए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में रावण दहन कराने की मांग कर रहे थे।
विवाद के समाधान के लिए उपखंड अधिकारी एवं कार्यवाहक आयुक्त जगदीश चंद्र बामणिया ने बोर्ड की बैठक बुलाकर मतदान करवाया था। मतदान में रावण मगरी पर रावण दहन कराने के पक्ष में क्षेत्रीय विधायक शांता अमृत मीणा के मत सहित कुल 13 मत प्राप्त हुए, जबकि हाईस्कूल खेल मैदान के पक्ष में 12 मत मिले। इसके बावजूद रावण दहन स्थल को लेकर दोनों पक्षों के बीच मतभेद बने हुए थे।
रविवार को आयोजित आपातकालीन बैठक में भाजपा समर्थक पार्षदों की सहमति के बाद हाईस्कूल खेल मैदान में रावण दहन कराने का रास्ता साफ हो गया है। साथ ही भविष्य में ऐसे मामलों में आपसी सहमति से निर्णय लेने पर जोर दिया गया। अब शहरवासियों की निगाहें रावण दहन के आयोजन और उससे जुड़ी व्यवस्थाओं पर टिकी हैं।
बैठक में अखिलेश बाहेती, राजकुंवर चौहान, मंजुदेवी, भीमराज मीणा, मोहम्मद नुर, नारायण भोई, रामचन्द्र वाल्मीकी, शांतिलाल भोई, प्रियंका तैली, महेश गर्ग, कलादेवी जैन, जहीर खान, ज्योति जैन, अर्चना वैष्णव, चंदा सैन, जयप्रकाश मेघवाल, अंसार अहमद, रानी बानो और मिनाक्षी कुंवर मौजूद रहे।
आपातकालीन बैठक समाप्त होने के बाद सभापति नरेश जैन अपनी सीट से उठकर विपक्षी दल के नेता कैलाश गांधी के पास पहुंचे और उन्हें उपारणा पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान सदन में मौजूद सभी पार्षदों ने तालियां बजाकर अभिवादन किया।

Kalpita Bhavsar (Salumber)
कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।
