सलूम्बर के पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 10 जुलाई को जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में सलूम्बर जिले के कक्षा 10 एवं 12 के बोर्ड परीक्षा परिणामों में जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया। साथ ही संबंधित विद्यालयों के संस्था प्रधानों को भी सम्मानित किया गया। इसी अवसर पर मिशन सलूम्बर-100 योजना का औपचारिक शुभारंभ भी किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी माया बजाड़ ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में मिशन ज्ञान सलूम्बर के सीईओ जितेन्द्र सोनी, शिक्षा समिति के अध्यक्ष दौलत सिंह कलासुआ तथा नगर मण्डल भाजपा के अध्यक्ष विजेश भलवाड़ा सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।







अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला ने अपने संबोधन में कहा कि मिशन सलूम्बर-100 जिला कलक्टर कार्यालय की एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य जिले के शैक्षणिक स्तर में उत्कृष्टता लाना तथा बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों में सकारात्मक परिवर्तन सुनिश्चित करना है।

मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी माया बजाड़ ने अपने उद्बोधन में विश्वास व्यक्त किया कि जिला कलक्टर के नेतृत्व में यह योजना सफलतापूर्वक धरातल पर उतरेगी और शिक्षा विभाग इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पूर्ण प्रयास करेगा।

समारोह के दौरान जिला कलक्टर मुहम्मद जुनैद ने ‘मिशन ज्ञान’ वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिला कलक्टर एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर ने वैन के भीतर जाकर इसकी व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की। मिशन ज्ञान के सीईओ जितेन्द्र सोनी ने वैन की कार्ययोजना और उद्देश्य के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।








जिला कलक्टर ने बताया कि ‘मिशन ज्ञान’ वैन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले के प्रत्येक ब्लॉक का भ्रमण करेगी। यह वैन विद्यालयों तक पहुंचकर विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षाओं की बेहतर तैयारी, प्रतियोगी परीक्षाओं, करियर विकल्पों, उच्च शिक्षा के अवसरों, अध्ययन सामग्री, समय प्रबंधन, प्रेरक सत्रों तथा विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराएगी, जिससे विद्यार्थियों को अपने भविष्य के लिए सही दिशा और बेहतर अवसर प्राप्त हो सकेंगे।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के रूप में जयेश चौबीस, नरेश सुथार, महावीर जैन, रामचंद्र सालवी तथा दिलीप खटीक उपस्थित रहे। शिक्षा विभाग की ओर से यशवंत कुमार मेहता, प्रेमशंकर चौबीसा एवं हरीश कलासुआ का सहयोग प्राप्त हुआ। कार्यक्रम का संचालन चंद्रवीर सिंह भाटी ने किया। प्रतिभा सम्मान समारोह के साथ मिशन सलूम्बर-100 और मिशन ज्ञान वैन की शुरुआत जिले में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आई।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story