सलूम्बर में महिला अधिकारिता विभाग एवं विशाखा संस्था के संयुक्त तत्वावधान में संचालित महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र, थाना सलूम्बर द्वारा 20 किशोरियों के लिए थाना भ्रमण एवं विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को पुलिस व्यवस्था, महिला सुरक्षा से संबंधित कानूनों तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान थानाधिकारी मुकेश नागदा ने किशोरियों का स्वागत करते हुए उन्हें पुलिस थाना की कार्यप्रणाली, विभिन्न शाखाओं, पुलिस के दायित्वों तथा आमजन को उपलब्ध सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने किशोरियों से कानून के प्रति जागरूक एवं सजग रहने का आह्वान किया और किसी भी प्रकार की समस्या या अपराध की स्थिति में बिना किसी भय के पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर पुलिस अधिकारी महेंद्र सिंह ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए बनाए गए महत्वपूर्ण कानूनों की जानकारी देते हुए विशेष रूप से घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम तथा पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों को विस्तार से समझाया। उन्होंने बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, साइबर सुरक्षा, कानूनी अधिकारों तथा अपराध की स्थिति में सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया के संबंध में भी जागरूक किया।

कार्यक्रम में विशाखा संस्था के कार्यकर्ता रिंकू चौहान, महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र की सामाजिक परामर्शदाता नेहा गोयल तथा विधिक परामर्शदाता भावना सुथार भी उपस्थित रहे। सभी ने किशोरियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें आत्मविश्वास के साथ अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में किशोरियों ने थाना भ्रमण के माध्यम से प्राप्त जानकारी को उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया। महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र द्वारा आयोजित इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, आत्मविश्वास तथा कानूनी सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story