सलूंबर में मोबाइल गुम होने के बाद उन्हें वापस पाने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों को पुलिस की साइबर टीम ने बड़ी राहत दी है। जिला पुलिस अधीक्षक विष्णुराम विश्नोई के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत सलूंबर पुलिस ने करीब 22 लाख रुपए कीमत के 150 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

मोबाइल बरामद होने की सूचना उनके असली मालिकों तक पहुंची तो उनके चेहरे पर खोया हुआ सुकून लौट आया। सत्यापन के बाद पुलिस इन मोबाइलों को उनके वास्तविक मालिकों अथवा परिजनों को सुपुर्द कर रही है। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने सलूंबर पुलिस का आभार जताया।

पुलिस के अनुसार साइबर टीम ने तकनीकी विश्लेषण, लगातार निगरानी और प्रभावी कार्रवाई के जरिए गुम हुए मोबाइलों को ट्रेस किया। जिन मोबाइल मालिकों ने उन्हें वापस पाने की उम्मीद छोड़ दी थी, उनके मोबाइलों की तलाश में साइबर टीम लगातार जुटी रही। इसके बाद एक-एक कर 150 मोबाइल पुलिस के हाथ लगे।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि रास्ते में कोई गिरा हुआ मोबाइल मिले तो उसे अपने पास रखने के बजाय नजदीकी पुलिस थाने में जमा कराएं। चोरी या मोबाइल गुम होने की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने के साथ सीईआईआर पोर्टल पर मोबाइल ब्लॉक करवाएं, ताकि उसके दुरुपयोग को रोका जा सके।

पुलिस ने मोबाइल दुकानदारों से भी कहा है कि कोई ग्राहक मोबाइल अनलॉक करवाने या बेचने आए तो मोबाइल का बिल जरूर लें। साथ ही बिल और ग्राहक के आधार कार्ड की फोटो कॉपी रिकॉर्ड में रखें। सलूंबर साइबर टीम की कार्रवाई से बरामद 150 मोबाइल अब सत्यापन के बाद उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाए जा रहे हैं।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story