सलूंबर में पंचायत चुनाव से पहले मतदाता जागरूकता अभियान तेज, रोल प्ले और क्विज से दिया मतदान का संदेश
सलूंबर में पंचायतीराज चुनाव-2026 से पहले मतदाता जागरूकता अभियान के तहत स्कूलों और महाविद्यालयों में क्विज, रोल प्ले और नाटक आयोजित किए गए। जानिए, 3 और 5 नवंबर के मतदान को लेकर विद्यार्थियों ने कैसे दिया जागरूकता का संदेश।

सलूंबर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गुड़ में आयोजित मतदाता जागरूकता शिविर के दौरान विद्यार्थियों और आमजन को मतदान के महत्व की जानकारी देते शिक्षक व स्वीप टीम के सदस्य।
सलूंबर में पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को लेकर मतदाता जागरूकता अभियान तेज हो गया है। जिले में आगामी 3 एवं 5 नवंबर को होने वाले मतदान के मद्देनजर शिक्षण संस्थानों और ग्राम पंचायतों में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आमजन को मतदान के महत्व, निर्वाचन प्रक्रिया और लोकतंत्र में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर मुहम्मद जुनेद पी.पी. के निर्देशन तथा संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों एवं स्वीप प्रकोष्ठ के मार्गदर्शन में पंचायत समिति सलूंबर क्षेत्र में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 23 अक्टूबर को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गुड़ में जागरूकता सत्र आयोजित हुआ। इसमें विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, निर्वाचन प्रक्रिया और लोकतंत्र में मतदाताओं की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम में विद्यालय के संस्था प्रधान दिनेश कचोरिया, दिनेश मेहता, प्रकाश खराड़ी, स्वीप प्रकोष्ठ से इन्द्र लाल पंचाल, राजेन्द्र कुमार पण्ड्या सहित विद्यालय स्टाफ के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
राजकीय हाड़ारानी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सलूंबर में सहायक आचार्य राकेश डबगर एवं डॉ. उत्तम कुमार के मार्गदर्शन में क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को निर्वाचन संबंधी सामान्य जानकारी देना और उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना था। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के स्टाफ सदस्यों ने भी सहभागिता की।
बी.एन. कन्या महाविद्यालय, सलूंबर में रोल प्ले के माध्यम से विद्यार्थियों ने आमजन से आगामी पंचायतीराज चुनाव में अधिकाधिक मतदान करने की अपील की। कार्यक्रम में मतदान के महत्व और लोकतंत्र में प्रत्येक मत की उपयोगिता पर जोर दिया गया। साथ ही विद्यार्थियों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।
मीनाक्षी महाविद्यालय, सलूंबर में विद्यार्थियों ने ‘एक जागरूक मतदाता की मतदान यात्रा’ विषय पर नाटक प्रस्तुत किया। इसके माध्यम से मतदान प्रक्रिया, मतदाता की जिम्मेदारी और जागरूक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने का संदेश दिया गया। नाटक में भावेश सालवी, गणेश गायरी, प्रताप सिंह राठौड़ एवं तेज सिंह राठौड़ सहित अन्य विद्यार्थियों ने मुख्य पात्रों की भूमिका निभाई। कार्यक्रम में निदेशक मीना मसार, प्राचार्य डॉ. नीतू सोलंकी, श्री नितेश मेहता, श्री हिमांशु चौबीसा, महाविद्यालय के स्टाफ सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
इसी तरह साँवरिया महाविद्यालय में भी स्वीप गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया और मतदान के महत्व की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा आगामी पंचायतीराज चुनाव में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
जिले में संचालित इन गतिविधियों का उद्देश्य युवाओं और आम मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ना, मतदान संबंधी भ्रांतियों को दूर करना तथा अधिकाधिक मतदाताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जागरूकता का वातावरण तैयार करना है। निर्वाचन विभाग शिक्षण संस्थानों और ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान संचालित कर रहा है, ताकि आगामी 3 एवं 5 नवंबर को होने वाले मतदान से पहले मतदाताओं को उनके मताधिकार और लोकतांत्रिक भागीदारी के प्रति जागरूक किया जा सके।

Kalpita Bhavsar (Salumber)
कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।
