सलूम्बर में पंचायतीराज चुनाव 2026 को लेकर स्वीप के तहत जागरूकता अभियान तेज
शैक्षणिक संस्थानों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए युवाओं व ग्रामीणों को मतदान के प्रति किया जा रहा जागरूक।

सलूम्बर में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 को लेकर मतदाता जागरूकता अभियान तेज हो गया है। जिले में स्वीप गतिविधियों के माध्यम से शैक्षणिक संस्थानों से लेकर सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों तक आमजन एवं विद्यार्थियों को मतदान का महत्व समझाया जा रहा है। इसी क्रम में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय बस्सी झूंझावत, सांवरिया कॉलेज सलूम्बर, मीनाक्षी कॉलेज सलूम्बर और राजकीय महाविद्यालय सराड़ा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं, इंटाली खेड़ा में गरबा मंडल और रावण दहन कार्यक्रम के दौरान भी लोगों से आगामी पंचायतीराज चुनाव में अनिवार्य रूप से मतदान करने की अपील की गई।
स्वीप प्रकोष्ठ सलूम्बर की ओर से राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय बस्सी झूंझावत में विद्यार्थियों को आगामी पंचायतीराज आम चुनाव की मतदान तिथि और मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान की भूमिका समझाते हुए जागरूक मतदाता बनने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, उन्हें अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए जागरूक करने का संदेश दिया गया।
सांवरिया कॉलेज सलूम्बर में आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मतदान के प्रति जागरूक रहने की शपथ दिलाई गई। इस दौरान ‘मैं भारत हूँ’ गीत का सामूहिक गायन भी करवाया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदान के महत्व और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के निदेशक रणजीत सिंह सिसोदिया, उपप्राचार्य मितेश आमेटा, ईएलसी प्रभारी जयेश चौबीसा तथा स्टाफ सदस्य लोकेश्वरी लोहार, सोनाली जोशी, जयवीर सिंह चूंडावत, मनोज डैयावत, विशाल मेहता, कोमल पूर्बिया, गायत्री जोशी, रेखा मेघवाल, अनीता सालवी और हेमलता मेहता सहित महाविद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे।
मीनाक्षी कॉलेज सलूम्बर में भी मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को मतदान के प्रति जागरूकता की शपथ दिलाई गई और ‘मैं भारत हूँ’ गीत का सामूहिक गायन करवाया गया। विद्यार्थियों को लोकतंत्र की मजबूती में प्रत्येक मतदाता की भूमिका और मतदान के महत्व से अवगत कराया गया। साथ ही, जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने मताधिकार का प्रयोग करने तथा अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
इंटाली खेड़ा में मंगलवार रात्रि आयोजित गरबा मंडल एवं रावण दहन कार्यक्रम में भी आगामी पंचायतीराज आम चुनाव को लेकर मतदाता जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों से निर्धारित मतदान तिथियों पर अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की गई। इस आयोजन के माध्यम से ग्रामीणों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने और गांव के विकास में अपनी भूमिका सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया।
राजकीय महाविद्यालय सराड़ा में विद्यार्थियों को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाने के साथ मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इस दौरान आगामी मतदान तिथियों का अधिकाधिक प्रचार-प्रसार करने और आमजन को मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की गई। विद्यार्थियों से कहा गया कि वे स्वयं जागरूक मतदाता बनें और अपने परिवार, परिचितों तथा आसपास के लोगों को भी मतदान के महत्व से अवगत कराएं।
जिले में स्वीप गतिविधियों के तहत शपथ ग्रहण, सामूहिक गीत गायन, मतदान प्रक्रिया की जानकारी और सामाजिक-सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से मतदाता जागरूकता का संदेश पहुंचाया जा रहा है। इन प्रयासों का उद्देश्य आगामी पंचायतीराज आम चुनाव-2026 में अधिकाधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करना और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाना है।

Kalpita Bhavsar (Salumber)
कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।
