सलूम्बर। आगामी पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को लेकर मतदाता जागरूकता अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को राज्य निर्वाचन आयोग के सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मतदाता जागरूकता संबंधी बैठक आयोजित हुई। बैठक में सलूम्बर जिले से अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. दिनेश राय सापेला सहित सभी ब्लॉकों के विकास अधिकारी, ईएलसी नोडल अधिकारी, कैंपस एम्बेसडर एवं संबंधित कार्मिक जुड़े।

बैठक में राज्य निर्वाचन आयुक्त ने निर्देश दिए कि आगामी पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव को ध्यान में रखते हुए 10 अक्टूबर को पंचायत समिति स्तर पर प्रत्याशी प्रबोधन कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से चुनाव लड़ने के इच्छुक व्यक्तियों को नामांकन प्रक्रिया, पात्रता एवं योग्यता, आवश्यक दस्तावेज, नामांकन पत्र भरते समय बरती जाने वाली सावधानियों तथा किन परिस्थितियों में नामांकन पत्र निरस्त हो सकता है, सहित चुनाव प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी जाएगी। इससे अभ्यर्थी पूरी जानकारी और आवश्यक सावधानियों के साथ अपना नामांकन प्रस्तुत कर सकेंगे।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान राज्य निर्वाचन आयुक्त ने नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के दौरान आयोजित की गई स्वीप गतिविधियों की जानकारी भी ली। साथ ही आगामी पंचायती राज चुनावों में मतदाता जागरूकता के लिए प्रस्तावित गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने मतदाता साक्षरता क्लब के कैंपस एम्बेसडर छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनके द्वारा आयोजित की गई स्वीप गतिविधियों और नवाचारों की जानकारी ली।

उन्होंने पंचायती राज चुनावों में मतदाताओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए। इसके तहत ‘एक शाम लोकतंत्र के नाम’, ‘एक पेड़ लोकतंत्र के नाम’, ‘एक दीप लोकतंत्र के नाम’ एवं ‘एक खेल लोकतंत्र के नाम’ जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने प्रत्येक पंचायत समिति क्षेत्र में कम से कम एक हरित एवं स्वच्छ मतदान केंद्र स्थापित करने के भी निर्देश दिए। इन मतदान केंद्रों पर मतदाता संदेश बोर्ड सहित अन्य आकर्षक जागरूकता सामग्री प्रदर्शित करने को कहा गया। इसके साथ ही नुक्कड़ नाटक, चुनाव चौपाल, युवा मतदाता संवाद, महिला मतदाता संवाद, मेहंदी प्रतियोगिता, मोटरसाइकिल एवं साइकिल रैली, सतरंगी सप्ताह, मैराथन तथा मतदाता प्रश्नोत्तरी जैसी गतिविधियों के माध्यम से मतदाताओं तक लोकतांत्रिक सहभागिता का संदेश पहुंचाने पर जोर दिया गया।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि ग्राम पंचायत ग्रामीण स्थानीय शासन की महत्वपूर्ण इकाई है। पंचायती राज चुनावों में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों का निर्वाचन होता है। सरपंच एवं अन्य निर्वाचित जनप्रतिनिधि सीधे ग्रामीणों से जुड़े होते हैं तथा गांव की स्थानीय आवश्यकताओं, विकास कार्यों एवं जनहित से जुड़े विषयों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।

उन्होंने कहा कि पंचायती राज चुनावों में केवल मतदाताओं ही नहीं, बल्कि चुनाव लड़ने के इच्छुक व्यक्तियों को भी चुनाव प्रक्रिया, नियमों एवं नामांकन संबंधी प्रावधानों की सही और पूर्ण जानकारी होना आवश्यक है। अधिक से अधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए युवा, महिला एवं पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं को विशेष रूप से जागरूक करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ईएलसी एवं कैंपस एम्बेसडर के माध्यम से महाविद्यालय स्तर पर मतदाता जागरूकता गतिविधियों को और प्रभावी बनाने पर बल दिया गया।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने सलूम्बर जिले के छात्र-छात्राओं से भी संवाद किया। छात्र-छात्राओं ने जिले में आयोजित की जा रही मतदाता जागरूकता एवं स्वीप गतिविधियों की जानकारी साझा की तथा मतदाता जागरूकता को लेकर किए जा रहे प्रयासों एवं नवाचारों के बारे में बताया।

बैठक के दौरान जिले के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि आगामी पंचायती राज चुनावों को लेकर स्वीप गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए और प्रत्येक वर्ग तक मतदान के महत्व एवं लोकतांत्रिक भागीदारी का संदेश पहुंचाया जाए। वहीं 10 अक्टूबर को होने वाले पंचायत समिति स्तर के प्रत्याशी प्रबोधन कार्यक्रमों के जरिए चुनाव लड़ने के इच्छुक व्यक्तियों को नामांकन प्रक्रिया और संबंधित प्रावधानों की आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story