सलूम्बर जिले में पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के दौरान गड़बड़ी फैलाने, मतदाताओं को डराने-धमकाने और आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात करने के साथ सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी जाएगी।

मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनैद पी.पी. की अध्यक्षता में कानून एवं व्यवस्था संबंधी समीक्षा बैठक आयोजित हुई। इसमें चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. दिनेश राय सापेला एवं पुलिस अधीक्षक विशनाराम विश्नोई ने मतदान केंद्रों की सुरक्षा, पुलिस जाब्ते की तैनाती, ईवीएम की सुरक्षा, मतदान दलों की आवाजाही और मतगणना व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया जाएगा। मतदाताओं में सुरक्षा का विश्वास कायम रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च और रूट मार्च निकाले जाएंगे। प्रमुख मार्गों पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच की जाएगी। इसके साथ ही शांति भंग करने की आशंका वाले व्यक्तियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

चुनाव के दौरान माहौल बिगाड़ने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर भी प्रशासन की विशेष नजर रहेगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सोशल मीडिया की नियमित मॉनिटरिंग करने और अधिक फॉलोअर्स वाले इन्फ्लुएंसर्स की गतिविधियों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए। चुनाव को प्रभावित करने वाली आपत्तिजनक गतिविधियों के सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में मतदान दलों की रवानगी से लेकर उनकी वापसी तक सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। ईवीएम और निर्वाचन सामग्री की सुरक्षित आवाजाही, स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा तथा मतगणना स्थल पर पुलिस तैनाती की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदान केंद्रों पर बिजली, पर्याप्त रोशनी, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। दिव्यांग मतदाताओं के लिए जरूरत के अनुसार वाहन व्यवस्था करने तथा मतदान कार्मिकों के भोजन और ठहरने के समुचित इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस अधीक्षक विशनाराम विश्नोई ने थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। बैठक में रिटर्निंग अधिकारी, सहायक रिटर्निंग अधिकारी, सर्किल प्रभारी, थाना प्रभारी सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन और पुलिस की इन तैयारियों का उद्देश्य पंचायतीराज चुनाव-2026 के दौरान कानून एवं व्यवस्था बनाए रखना और मतदान से लेकर मतगणना तक निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना है।

Kalpita Bhavsar (Salumber)

Kalpita Bhavsar (Salumber)

कलपिता भवसार (सालुम्बर) प्रात:काल न्यूज़ की प्रतिष्ठित रिपोर्टर हैं, जिनका पत्रकारिता में अनुभव और निपुणता उन्हें क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरों की सटीक और निष्पक्ष कवरेज प्रदान करने में सक्षम बनाती है। सालुम्बर से होने के नाते, वे स्थानीय मुद्दों, सामाजिक घटनाओं और जनसामान्य की आवाज़ को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाने का काम करती हैं। उनका लेखन तथ्यात्मक, स्पष्ट और प्रभावशाली है, जो पाठकों को खबरों के मूल अर्थ तक सीधे जोड़ता है।

Next Story